BJP Foundation day: भारतीय जनता पार्टी आज अपना 47वां स्थापना दिवस मना रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी के 47वें स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पार्टी हमेशा से ‘राष्ट्र प्रथम’ के सिद्धांत से प्रेरित होकर समाज सेवा में अग्रणी रही है।
पीएम मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को दी शुभकामनाएं
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता निस्वार्थ सेवा, अटूट समर्पण और सुशासन के प्रति गहरी प्रतिबद्धता के लिए जाने जाते हैं। प्रधानमंत्री ने उन अनगिनत कार्यकर्ताओं को भी याद किया जिनके समर्पण और बलिदान ने दशकों से पार्टी के विकास को आकार दिया है।
अमित शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को दी शुभकामनाएं
गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को शुभकामनाएं दी हैं। अमित शाह ने सोशल मीडिया संदेश में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की राष्ट्रवादी सोच और वैचारिक प्रेरणा से जन्मी भाजपा महज एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि राष्ट्र के पुनर्निर्माण का संकल्प है। उन्होंने कहा कि पार्टी भारतीय संस्कृति के ऐतिहासिक महत्व को पुनस्थापित करने का लगातार प्रयास कर रही हैं।
बीजेपी स्थापना दिवस की दी शुभकामनाएं
सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर बीजेपी के स्थापना दिवस की बधाई दी. उन्होंने लिखा- ‘विश्व के सबसे विशाल राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस की सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई.
भारतीय जनता पार्टी मात्र एक राजनीतिक संरचना नहीं, बल्कि श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी और ‘भारत रत्न’ श्रद्धेय अटल के उदात्त लोकतांत्रिक आदर्शों एवं सात्विक सनातनी जीवन मूल्यों से अभिसिंचित एक जीवंत विचार परंपरा है.
Nation First की भावना से ओतप्रोत यह राष्ट्रवादी परिवार आज एक विशाल वटवृक्ष बन चुका है, जो सेवा, संस्कार और समर्पण के संकल्प के साथ 145 करोड़ देश वासियों की आशाओं और आकांक्षाओं को निरंतर शक्ति दे रहा है.
भाजपा की यह विकास यात्रा सत्ता की नहीं, संस्कार की है. विस्तार की नहीं, विचार की है. ‘अंत्योदय से राष्ट्रोदय’ के संकल्प की सिद्धि की है. हर कार्यकर्ता की निष्ठा, निरंतरता और निःस्वार्थ भाव ने ‘विकसित भारत-आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को गति दी है. राष्ट्र निर्माण की इस यात्रा में सहभागी सभी विभूतियों का अभिनंदन.’
केशव मौर्य ने इस मौके पर किया पोस्ट
इस मौके पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी एक वीडियो साझा कर बीजेपी के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल और अटल बिहारी वाजपेयी से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक की नेतृत्व यात्रा ने देश को विकसित भारत की दिशा में अग्रसर किया है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी के आदर्शों और मिशन को आगे बढ़ाने में योगदान दें.
इसे भी पढ़ें:-Gold Price Today: सोने-चांदी के भाव स्थिर, जानिए आज का ताजा रेट