UP: केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के घर युवक की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

BJP MP Kaushal Kishore: केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर के लखनऊ स्थित आवास में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान विनय श्रीवास्तव के रूप में हुई है जो कौशल किशोर के बेटे विकास किशोर का दोस्त बताया जा रहा है। सांसद के घर में हुई इस वारदात की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की तो घटना स्थल से एक पिस्टल बरामद हुई है। मृतक युवक के परिजनों ने इस मामले में हत्या की तहरीर दी है। हालांकि पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।

बताया जा रहा है कि युवक के सिर में गोली मारी गई है। पिस्टल सांसद के बेटे विकास किशोर की बताई जा रही है। परिजनों ने छह लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है, इनमें से तीन आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। वहीं मंत्री कौशल किशोर ने कहा है कि घटना के वक्त उनका बेटा यहां मौजूद ही नहीं था वह दिल्ली में था।

जानकारी के मुताबिक, ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के बेगरिया का यह मामला है। शुक्रवार की सुबह तड़के चार बजे केंद्रीय मंत्री के बेटे के घर में भाजपा कार्यकर्ता विनय श्रीवास्तव की गोली लगने से मौत हो गई। विनय श्रीवास्तव के परिजनों ने लिखित तहरीर दी है। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि विनय की मौत केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के पुत्र विकास किशोर की पिस्टल से हुई है। ठाकुरगंज दुबग्गा पुलिस मौके पर पहुंची है। विनय श्रीवास्तव केंद्रीय मंत्री के बेटे का करीबी था। बताया जा रहा है कि जिस समय गोली चली है उस समय घर में कई और लोग भी मौजूद थे।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि गोली लगने से एक शख्स की मौत हुई है। उसके सिर में गोली लगी है। फोरेंसिक टीम भी मौके पर मौजूद है। जांच की जा रही है। गोली किन परिस्थितियों में चली इस बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं मंत्री कौशल किशोर ने मामले को लेकर कहा कि उन्हें जब मामले की जानकारी हुई तो कमिश्नर समेत पुलिस के अन्य अधिकारियों को सूचना दी। साथ ही मृतक के परिजनों के आरोपों को लेकर कहा कि यह जांच का विषय है। जो भी सच है वह बाहर आएगा।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *