अफगानिस्तान में फंसे गोरखपुर के दोनों युवकों सहित वापस लौटे 19 कामगार

गोरखपुर। अफगानिस्तान में सत्ता पर तालिबान का कब्जा हो जाने के बाद काबुल के पास स्टील फैक्टरी में फंसे गोरखपुर के दो युवक रविवार को वतन वापस आ गए हैं। दोनों दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरे हैं। आज उनके घर पहुंचने की उम्मीद है। स्टील फैक्टरी में 28 भारतीय मजदूर फंसे थे। इसमें से 19 वापस आए हैं। नौ वापसी के इंतजार में हैं। स्वदेश वापसी की खबर से सभी प्रफुल्लित हैं। काबुल में तालिबान ने युवाओं की बस को रोक लिया था। दो घंटे तक एक-एक सामान की जांच भी की थी। बंदूकधारी तालिबान लड़ाकों के बीच दो घंटे गुजारते वक्त सांसें थमी थीं। फ्लाइट से उड़कर दिल्ली आए तब जाकर बचने का एहसास हुआ है। दरअसल, अफगानिस्तान के काबुल शहर के पास स्थित खान स्टील फैक्टरी में गोरखपुर के बड़हलगंज क्षेत्र के भैसहट गांव निवासी रंजीत मौर्या और झंगहा थाना क्षेत्र के नई बाजार निवासी शैलेंद्र शुक्ला सहित 28 लोग काम करते थे। अफगानिस्तान में तालिबान की सत्ता लौटते ही कंपनी मालिक ने भारतीय कामगारों के बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी। सभी को उनके कमरों में बंद कर दिया गया। परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो जिला प्रशासन के जरिये सरकार से मदद की गुहार लगाई गई। अपने वतन वापसी के प्रयास में जुटे कामगारों ने कंपनी के मालिक से वार्ता की तो वह इन लोगों को काबुल एयरपोर्ट तक भेजने को तैयार हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *