Rajasthan: राजस्थान के जोधपुर में भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक कार और टेंपो की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को चार एंबुलेंस की मदद से मथुरादास माथुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए लोग गुजरात के एक ही परिवार के सदस्य थे। वे रामदेवरा में दर्शन करने के बाद वापस गुजरात लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
बता दें कि हादसे में कई लोगों को फ्रैक्चर और रीढ़ की हड्डी में चोटें आई हैं। एक व्यक्ति को अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत घोषित कर दिया गया था। सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है।
हादसे में घायल यात्रियों ने बताया कि वे गुजरात के बनासकांठा के रहने वाले हैं। परिवार के करीब 15 से 20 लोग रामदेवरा दर्शन के लिए गए थे। शनिवार को घर से रवाना होने के बाद उन्होंने रविवार सुबह मंदिर में दर्शन किए और फिर गुजरात लौटने के लिए निकल पड़े। वापसी का सफर शुरू करने के कुछ ही देर बाद उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई।