Punjab: पंजाब के जालंधर में आज सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवको की दर्दनाक मौत हो गई। मकसूदां बाईपास हाईवे पर तेज रफ्तार से आ रही स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर के कारण कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
बताया जा रहा है कि स्विफ्ट कार काफी तेज रफ्तार से मकसूदां बाईपास हाईवे पर जा रही थी। इसी दौरान सड़क पर खड़े ट्रक से कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इसके बाद कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। कार में फंसे तीनों युवकों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों और पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।