मुंबई में मेयर रितु तावड़े और BMC कमिश्नर को मिला धमकी भरा ईमेल, 3 जगहों को उड़ाने की चेतावनी

Mumbai: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में एक बार फिर बम धमाके की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है. मुंबई की मेयर रितु तावड़े और BMC कमिश्नर अश्विनी भिड़े को धमकी भरा ईमेल भेजा गया है. इसमें मेयर के कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. इतना ही नहीं, ईमेल में मुंबई की दो अन्य जगहों पर भी बम लगाए जाने का दावा किया गया है.

इन 3 जगहों को बनाया निशाना

धमकी भरे ईमेल में इन जगहों पर बम होने का दावा किया गया है – इसमें मुंबई महानगरपालिका (BMC) मुख्यालय और अमिताभ के घर, आचार्य मेट्रो स्टेशन को बम से उड़ाने की बात कही गई है. 

हन्ना मायर के नाम से आया ईमेल, खालिस्तानी संगठनों के नाम का जिक्र

पुलिस के अनुसार, धमकी भरा ईमेल हन्ना मायर के नाम से बनाई गई ईमेल आईडी से भेजा गया है. हालांकि, ईमेल में इसकी जिम्मेदारी कथित तौर पर ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ और ‘बब्बर खालसा (परमार-कनादा)’ जैसे संगठनों के नाम पर ली गई है.ईमेल में इंजीनियर गुरनख सिंह, डॉक्टर गुरनिरवैर सिंह, प्रोफेसर गुरअकाल सिंह और प्रोफेसर गुरंगार सिंह के नाम और पते भी दर्ज हैं. मेल में कथित तौर पर खालिस्तानी अलगाववादी नारे भी लिखे गए हैं. इसके साथ ही BMC के कार्यालयों और शहर के सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की धमकी दी गई है.

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर

धमकी मिलने के बाद मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं. मेयर और नगर आयुक्त के कार्यालयों की गहन जांच शुरू कर दी गई है. इसके अलावा BMC कार्यालयों और शहर के सभी मेट्रो स्टेशनों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है. बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर जांच में जुटा है.

बता दें, इस साल मुंबई मेयर कार्यालय को पांचवीं बार धमकी मिलने का मामला सामने आया है. इससे पहले भी कई बार इसी तरह के धमकी भरे ईमेल आ चुके हैं, जो जांच में फर्जी निकले.फिलहाल पुलिस ईमेल भेजने वाले की लोकेशन और IP एड्रेस ट्रेस कर रही है. पुलिस का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है.

इसे भी पढ़ें:-पूर्व सांसद आनंद मोहन की बढ़ी मुश्किलें, सुप्रीम कोर्ट ने रिहाई पर लगाई रोक