MP News: मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है और दो अन्य घायल हो गए हैं. यह घटना इटारसी रोड पर हुई है, जहां तेज रफ्तार से जा रही एक कार सड़क किनारे खड़ी एक क्रेन से टकरा गई. हादसे की सूचना मिलते ही आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों ने तीन को मृत घोषित कर दिया है.
ढाबे से खाना खाकर लौट रहे थे कार सवार
यह दुर्घटना मंगलवार सुबह करीब 2:30 से 3:00 के बीच हुई. पीड़ित लोग एक ढाबे से खाना खाकर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ. हादसे के दौरान कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. सड़क पर खड़ी क्रेन से टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के टुकड़े-टुकड़े हो गए. घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंची पुलिस को वाहन के अंदर फंसे लोगों को निकालने के लिए दरवाजे और खिड़कियां तोड़नी पड़ी.
तीनों मृतकों की पहचान
पुलिस ने बताया कि इस दुर्घटना में मृतकों की पहचान वाहन चालक ऋतिक सोलंकी (30), उनके मित्र वरुण प्रजापति (21), और अभय ठाकुर (22) के रूप में हुई है. तीनों ही स्थानीय निवासी हैं. घायलों में बैतूल निवासी देवा पांडे (32) और आकाश पाल (30) शामिल हैं.
मामले की जांच शुरु
सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए. वहीं, पुलिस ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है. शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा जाएगा. प्राथमिक तौर पर हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है. हालांकि, पुलिस अभी अधिकारिक रूप से कुछ भी कहने से इनकार किया है. मामले की जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें:-रंगों की मस्ती में डूबने से पहले करें ये पारंपरिक उपाय, चमक जाएगी किस्मत, घर में बरसेगी मां लक्ष्मी की कृपा