जहरीली शराब पीने से 6 की मौत, पांच की हालत गंभीर

Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश से बड़ी खबर सामने आई है. सागर जिले के बंडा में शनिवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि वहीं पांच लोगों की हालत नाजुक होने पर उन्हें सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कालेज (बीएमसी) रेफर किया गया है. आशंका जताई जा रही है कि जहरीली शराब पीने से घटना हुई है. हालांकि, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच के बाद ही हो सकेगी।

अचानक बिगड़ी लोगों की तबियत

जानकारी के अनुसार रात में करीब दर्जनभर लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें बंडा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इलाज के दौरान 6 लोगों की मौत हो गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. बंडा अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. गंभीर हालत वाले पांच मरीजों को इलाज के लिए बीएमसी सागर भेजा गया है।

अस्पताल पहुंचे कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक

बता दें कि घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर प्रतिभा पाल और पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया सहित प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी बंडा पहुंचे. अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कराई. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बंडा में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

पुलिस के मुताबिक, मृतकों में गोलू उर्फ चमन लोधी (45 वर्ष) निवासी गूगरा खुर्द, दिग्विजय लोधी (28) निवासी नौराज, करतार सिंह लोधी (30) निवासी नौराज, उजियार सिंह लोधी (56) निवासी गूगरा खुर्द, रोशन लोधी (30) निवासी पाटन थाना विनायका और राजेंद्र लोधी (32 वर्ष) निवासी नौराज-गूगरा शामिल हैं. गोलू उर्फ चमन को पहले से कैंसर की शिकायत होने की जानकारी भी सामने आई है।

घटना की जांच में जुटी पुलिस

शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा. फिलहाल, प्रशासन और पुलिस घटना की जांच में जुटी है. उधर, घटना से मृतकों के घर कोहराम मचा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *