Bengaluru: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार 13 नवंबर 2026 को बेंगलुरु दौरे पर पहुंचे. यहां उन्होंने 3,470 करोड़ रुपये की लागत से बनी बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन के कलेना अग्रहारा से तावरेकेरे तक के सेक्शन का उद्घाटन किया. उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के साथ मेट्रो में सफर किया. खास बात यह रही कि उन्होंने काउंटर पर जाकर UPI से खुद टिकट खरीदा. इस दौरान कर्नाटक की राज्यपाल सुधा यादव, सांसद तेजस्वी सूर्या और मंत्री के.बी. गौड़ा भी मौजूद रहे.
103.6 KM का हो जाएगा नेटवर्क
21.25 किलोमीटर लंबी इस पिंक लाइन में कुल 18 स्टेशन हैं. इसका नया सेक्शन 14 नवंबर सुबह 6 बजे से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा. इसके शुरू होने के बाद बेंगलुरु का मेट्रो नेटवर्क 103.6 किलोमीटर का हो जाएगा, जो दिल्ली के बाद देश का दूसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क बन जाएगा.पीएम मोदी ने कहा कि मेट्रो कनेक्टिविटी से लोगों के समय और पैसे दोनों की बचत होती है.
15,600 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
पीएम मोदी इस दौरे पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत फिर से विकसित किए गए 4 रेलवे स्टेशनों का भी उद्घाटन करेंगे. साथ ही बेंगलुरु में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उनका उद्घाटन करेंगे.
योग पर भी बोले पीएम
मेट्रो उद्घाटन से पहले पीएम मोदी ने स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान के मुख्यालय प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में लोगों को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि योग अब भारत को समझने का माध्यम बन गया है. भारत की पहल से ही पूरी दुनिया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाती है.
उन्होंने कहा कि मैं जिस भी देश में जाता हूं, लोग मुझसे योग के बारे में चर्चा करते हैं. कर्नाटक योग गुरुओं की भूमि है और कन्नड़ सिनेमा के दिग्गज डॉ. राजकुमार भी योगाभ्यास करते थे.इस मौके पर पीएम ने डिजिटल माध्यम से ‘गोल्डन जुबली एडमिन ब्लॉक’ की आधारशिला रखी और केरल के तिरुवनंतपुरम में एस-व्यास के ऑफ-कैंपस केंद्र की शुरुआत भी की.
इसे भी पढ़ें:-रेलवे खत्म करने जा रहा है RAC टिकट का सिस्टम? यात्रियों को मिल सकती है बड़ी राहत