Patna: बिहार की राजधानी पटना के लोगों के लिए मेट्रो को लेकर गुड न्यूज है. जुलाई से मेट्रो 5 और स्टेशनों तक दौड़ने जा रही है. सीएम सम्राट चौधरी 2 जुलाई को मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन करेंगे. इसके साथ ही मलाही पकड़ी से न्यू ISBT तक यानी कि 5 और स्टेशनों के बीच मेट्रो का सफर शुरू हो जाएगा. मेट्रो का दायरा लगभग दोगुना हो जाएगा और यात्रियों को 6.2 किलोमीटर का सफर महज 15 मिनट में पूरा करने की सुविधा मिलेगी.
पटना मेट्रो प्रशासन ने नए रूट के लिए ये किराया किया तय
पटना मेट्रो प्रशासन ने नए रूट के लिए किराया भी तय कर दिया है. न्यू आईएसबीटी से मलाहीपकड़ी तक यात्रा करने के लिए अधिकतम 30 रुपये का किराया देना होगा, जबकि भूतनाथ स्टेशन तक जाने वाले यात्रियों को 15 रुपये चुकाने होंगे. मेट्रो के विस्तार से पूर्वी पटना के यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन का लाभ मिलेगा. सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक हर दिन 24 फेरे पहले की तरह जारी रहेंगे.
अभी मेट्रो लगभग 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है. इसे अब बढ़ाकर 30 किलोमीटर प्रति घंटा करने की योजना है. वहीं अधिकतम गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक होगी. मलाहीपकड़ी के बाद मेट्रो का अगला विस्तार पटना जंक्शन तक किया जाएगा. इस रूट में मोइन-उल-हक स्टेडियम, राजेंद्र नगर, पटना विश्वविद्यालय, पीएमसीएच, गांधी मैदान, आकाशवाणी और पटना जंक्शन जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल होंगे.
इसे भी पढे़ं:-यूपी टीईटी परीक्षा कल से होगी शुरू, अभ्यर्थियों को जरूरी दिशा निर्देश जारी