Bihar: बिहार सरकार ने मुजफ्फरपुर को तकनीकी शिक्षा और विकास की एक नई और ऐतिहासिक दिशा देते हुए यहां सूबे की दूसरी टेक्निकल यूनिवर्सिटी स्थापित करने की आधिकारिक घोषणा की है। इस नई यूनिवर्सिटी का नाम ‘आर्किटेक्चर एंड सिविल इंजीनियरिंग यूनिवर्सिटी’ होगा, जिसका मुख्यालय मुजफ्फरपुर के प्रतिष्ठित संस्थान एमआईटी के परिसर में बनाया जाएगा।
सीएम सम्राट चौधरी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार सदियों से ज्ञान, संस्कृति और समृद्ध परंपरा की धरती रही है। सरकार इसी विरासत को आधुनिक परंपरा से जोड़ते हुए राज्य को तरक्की के रास्ते पर ले जा रही है। उन्होंने ने कहा कि मैंने जनता से वादा किया था कि राज्य में आर्किटेक्चर और सिविल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में एक समर्पित विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी।
सीएम ने बताया कि इस यूनिवर्सिटी से निकलने वाले इंजीनियर्स और आर्किटेक्ट्स स्थानीय स्तर पर सड़कों, पुलों, जल निकासी प्रणालियों (ड्रेनेज सिस्टम) और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए आधुनिक, टिकाऊ और बेहद कम लागत वाले डिजाइनों का विकास करेंगे।आज मैं मुजफ्फरपुर एमआईटी की इस ऐतिहासिक धरती से इस यूनिवर्सिटी के निर्माण की घोषणा करता हूँ। अब देश के सबसे बेहतरीन आर्किटेक्ट और सिविल इंजीनियर इसी मुजफ्फरपुर की माटी से तैयार होंगे।