IND VS PAK जीत के बाद सचिन का बयान वायरल, आखिर किस बात का रह गया अफसोस 

Cricket: भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला हो और उस पर सचिन तेंदुलकर की प्रतिक्रिया न आए, ऐसा शायद ही कभी देखने को मिलता है. पाकिस्तान पर भारत की धमाकेदार जीत, क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर भले ही भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को खेला गया विमेंस टी20 वर्ल्ड कप का महामुकाबला लाइव नहीं देख पाए, लेकिन जीत की खबर मिलते ही उन्होंने टीम इंडिया की जमकर तारीफ की है. दरअसल, मैच के दौरान सचिन तेंदुलकर फ्लाइट में सफर कर रहे थे. जैसे ही वह हवाई अड्डे पर उतरे और उन्हें भारतीय महिला टीम की 64 रनों की शानदार जीत का पता चला, तो उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक बेहद खास पोस्ट साझा किया. 

टीम इंडिया की जीत पर क्या बोले सचिन तेंदुलकर?

सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ‘अभी-अभी लैंड किया और मैच का रिजल्ट देखा. ऐसा लग रहा है कि मैं अपनी टीम का सबसे खास प्रदर्शन देखने से चूक गया. स्मृति मंधाना की शानदार पारी और दीप्ति शर्मा के पांच विकेट की चर्चा जरूर होगी, लेकिन श्री चरणी, ऋचा घोष और बाकी खिलाड़ियों के योगदान ने इसे वास्तव में एक संपूर्ण टीम प्रदर्शन बना दिया. टूर्नामेंट की इससे बेहतर शुरुआत शायद नहीं हो सकती थी.’ 

कैसा रहा भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला?

मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 170 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. यह महिला टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी रहा. भारत की शुरुआत थोड़ी लड़खड़ाई जरूर, लेकिन सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पारी को संभाल लिया. उन्होंने 44 गेंदों पर 68 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. मंधाना ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ तीसरे विकेट के लिए 91 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की. हरमनप्रीत ने 35 गेंदों में 36 रन का योगदान दिया. अंतिम ओवरों में ऋचा घोष ने तेजतर्रार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया. उन्होंने 17 गेंदों पर 34 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 1 छक्का शामिल था. ऋचा और दीप्ति शर्मा ने छठे विकेट के लिए सिर्फ 21 गेंदों में 45 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *