योगी आदित्यनाथ आज शाम को लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ…..

लखनऊ। योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इसके साथ ही वे प्रदेश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री बन जाएंगे जो पांच साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद दोबारा प्रदेश की सत्ता संभालेंगे। बृहस्पतिवार को भाजपा के विधानमंडल दल ने योगी को सर्वसम्मति से अपना नेता चुन लिया।

इसके बाद योगी ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया। उन्होंने योगी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। योगी शुक्रवार शाम चार बजे अटल बिहारी वाजपेयी इकाना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। भाजपा विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक गृहमंत्री अमित शाह, सह पर्यवेक्षक राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास, चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और संगठन प्रभारी राधामोहन सिंह की मौजूदगी में लोकभवन में एनडीए के विधानमंडल दल की बैठक हुई।

भाजपा के वरिष्ठ विधायक सुरेश खन्ना ने योगी आदित्यनाथ के नाम का प्रस्ताव रखा। सूर्य प्रताप शाही, बेबीरानी मौर्य, नंदगोपाल गुप्ता नंदी, राम नरेश अग्निहोत्री और सुशील शाक्य ने प्रस्ताव का समर्थन किया। इसके बाद योगी को सर्वसम्मति से नेता चुन लिया गया। अपना दल (एस) के आशीष पटेल और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने भी समर्थन देने की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *