तालिबान का समर्थन करने वालों से सावधान रहने की है जरूरत: सीएम योगी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में एक सामाजिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि 20 वर्ष पहले अफगानिस्तान में तालिबानियों ने बुद्व की प्रतिमा को तोप लगाकर उड़ा दिया था, क्योंकि वो भारत की आत्मा को ठेस पहुंचाना चाहते थे, लेकिन वो भूल गए थे कि क्रिया की प्रतिक्रिया होती है। बाद में उसी तालिबान की कितनी दुर्दशा हुई, जब अमेरिका ने ड्रोन से उन पर हमला किया। आज भी हमारे देश में बहुत से लोग हैं जो तालिबान का समर्थन कर रहे हैं। तालिबान का समर्थन करने का मतलब महिलाओं का अपमान हैं, भगवान बुद्ध का अपमान है। ऐसे लोगों से सतर्क रहने ही जरूरत है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो कहा वो कर के दिखाया है। कश्मीर से धारा 370 हटाने को कहा था, हटा दिया। अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनाने की बात कही थी, आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश के साथ कितना धोखा हुआ है जो चंद्रगुप्त मौर्य से हारा था उस सिकंदर को महान बता दिया गया। फिर भी इतिहासकार इस पर मौन साधे हुए हैं। पूरे देश की कम्युनिस्ट और अलगाववाद विचारधारा उत्तर प्रदेश में आ चुकी है। वो पूरे देश को गुमराह करना चाहते हैं, इनसे सतर्क रहने की जरूरत है। यूपी में बदलाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 2014 से पहले आवास योजना का लाभ चेहरा देखकर मिलता था। सत्ता से संबंधित हैं, विधायक आपकी जाति का है, तो ही उसका लाभ मिलता था। लेकिन आज बड़ी संख्या में गरीबों को बिना भेदभाव के आवास दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *