पीएम मोदी ने दी देशवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं, मां शैलपुत्री को किया नमन

Shardiya Navratri 2026: शारदीय नवरात्रि के पहले दिन आज देशभर में भक्तिमय माहौल है। इस पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा नेताओं ने देशवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।

PM मोदी ने मां शैलपुत्री को किया नमन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर संदेश साझा करते हुए लिखा कि मां जगदंबा की कृपा से हर व्यक्ति के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्य बना रहे। यह पर्व देश की एकता और प्रगति के संकल्प को और मजबूत करने वाला बने। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री के चरणों में श्रद्धा व्यक्त की और कामना की कि मां की कृपा से लोगों के भीतर धैर्य और आत्मविश्वास का संचार हो।

राजनाथ सिंह ने मां शैलपुत्री से की प्रार्थना
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मां शैलपुत्री को नमन करते हुए कहा कि मां का स्वरूप प्रकृति के प्रति श्रद्धा, जीवन में दृढ़ता और कठिन परिस्थितियों में अडिग रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कामना की कि आदिशक्ति सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आएं।

जेपी नड्डा ने उत्तम स्वास्थ्य की कामना की
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने नवरात्रि को शक्ति साधना का पावन पर्व बताया। उन्होंने मां भगवती से देशवासियों के अच्छे स्वास्थ्य, सुख और कल्याण की प्रार्थना की।

मनोहर लाल ने की सुख-समृद्धि की कामना
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने मां जगदंबा से सभी की मनोकामनाएं पूरी करने और जीवन में सुख-शांति बनाए रखने की प्रार्थना की।

संबित पात्रा ने मां दुर्गा की स्तुति साझा की
पुरी से सांसद संबित पात्रा ने मां दुर्गा की आराधना का संदेश साझा किया और श्रद्धालुओं से मां भगवती को समर्पित भक्तिमय स्तुति सुनने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *