Nuclear Weapons: भारत ने परमाणु हथियार नीति में बड़ा बदलाव करते हुए 12 एटमी हथियार तैनात कर दिए हैं. हथियार निगरानी संगठन SIPRI की रिपोर्ट में यह दावा किया गया है. हालांकि सवाल है कि क्या यह भारत की परमाणु हथियारों की पहली तैनाती है. यह भारत की दशकों पुरानी नीति से एक बड़ा बदलाव है. अभी तक परमाणु हथियार और मिसाइल समेत उन्हें दागने वाले डिलिवरी सिस्टम को अलग-अलग रखा जाता था.रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यह पहली बार है कि भारत के इन हथियारों को ऑपरेशनली डिप्लॉयड के तौर पर वर्गीकृत रखा गया है, बजाय एक भंडार के तौर पर.
भारत के पास 190 परमाणु हथियार
रिपोर्ट में कहा गया है कि जनवरी 2026 तक भारत के पास कुल 190 परमाणु वॉरहेड हैं. इनमें से 12 परमाणु वॉरहेड मिसाइलों, पनडुब्बियों या लड़ाकू विमानों जैसे डिलीवरी सिस्टम के साथ जोड़े गए हैं या ऑपरेशनल फोर्स वाले ठिकानों पर तैनात किए गए हैं. इसका मतलब यह बताया गया है कि परमाणु हथियारों को अलग स्टोरेज में रखने की भारत की कई दशकों पुरानी व्यवस्था में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि लंबे समय से यह माना जाता रहा है कि शांति के समय भारत अपने परमाणु वॉरहेड को लॉन्चर से अलग रखता है, लेकिन हाल के वर्षों में मिसाइलों को कैनिस्टर में रखने और समुद्र में सुरक्षा गश्त बढ़ाने जैसे कदम इस बात का संकेत देते हैं कि भारत शांति के समय में भी कुछ परमाणु वॉरहेड को लॉन्चर के साथ रखने की दिशा में आगे बढ़ रहा है.
पाकिस्तान के पास 170 परमाणु हथियार
SIPRI की रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान के पास 170 परमाणु वॉरहेड हैं, लेकिन उनमें से कोई भी ऑपरेशनल तैनाती में नहीं है. रिपोर्ट के अनुसार भारत पाकिस्तान की तुलना में अधिक तेजी से परमाणु हथियारों का विकास कर रहा है और इस क्षेत्र में काफी खर्च भी कर रहा है. इंटरनेशनल कैंपेन टू एबोलिश न्यूक्लियर वेपन्स (ICAN) की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि वर्ष 2025 में दुनिया भर में परमाणु हथियारों पर खर्च रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया. रिपोर्ट के अनुसार दुनिया ने कुल 119 अरब डॉलर परमाणु हथियारों पर खर्च किए.
किस देश के पास कितने परमाणु हथिायर
- अमेरिका- 5000 से अधिक परमाणु वारहेड
- रूस- 5000 से अधिक परमाणु वारहेड
- चीन- 620 परमाणु वारहेड
- फ्रां- 290 परमाणु वारहेड
- यूके- 225 परमाणु वारहेड
- भारत- 190 परमाणु वारहेड
- पाकिस्तान- 170 परमाणु वारहेड
- नॉर्थ कोरिया- 60 परमाणु वारहेड
- इजरायल- 90 परमाणु वारहेड (परमाणु हथियार रखने की बात स्वीकार नहीं करता)
किस देश ने कितने पैसे किए खर्च?
इस रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका ने 69.2 अरब डॉलर, चीन ने 13.5 अरब डॉलर, यूनाइटेड किंगडम ने 12.6 अरब डॉलर, रूस ने 9.5 अरब डॉलर, फ्रांस ने 7.7 अरब डॉलर, भारत ने 2.8 अरब डॉलर, पाकिस्तान ने 1.5 अरब डॉलर और इजरायल ने 1.2 अरब डॉलर परमाणु हथियारों पर खर्च किए. वहीं उत्तर कोरिया ने अपने परमाणु हथियार कार्यक्रम पर 656 मिलियन डॉलर खर्च किए.
इसे भी पढ़ें:-सिनेमाघरों में मचेगा गदर, Sunny Deol की दहाड़ से फिर कांपेगा पड़ोसी मुल्क; ‘बंटवारा 1947’ की रिलीज डेट हुई अनाउंस