Weather news: भारत इस समय मौसम को लेकर दो चरम छोरों के बीच फंसा हुआ है। एक ओर जहां उत्तर भारत में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है और घने कोहरे की चादर में लिपटा है, तो दूसरी तरफ दक्षिण भारत पर बंगाल की खाड़ी में उठे गहरे अवदाब का खतरा मंडरा रहा है, जिससे भारी बारिश होने की संभावना है।
उत्तर भारत की बात करें तो मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ों तक रिकॉर्ड तोड़ ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर और मध्य भारत में कड़ाके की ठंड, शीतलहर और घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी।
दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अपने पूर्वानुमान बुलेटिन में कहा है कि आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में शीत लहर की स्थिति बनी रहने का अनुमान है। वहीं राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को इस सर्दी के मौसम की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया जबकि शहर के कई स्थानों पर हल्की बारिश भी हुई।
यूपी में ठंड़ की मार
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। रात के समय तापमान गिरकर 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, जबकि कुछ इलाकों में इससे भी कम तापमान रिकॉर्ड किया गया है। दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंडी हवाओं के कारण लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि ओलावृष्टि और बारिश के बाद तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।
बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम
बिहार में अगले कुछ दिनों तक शीतलहर और घने कोहरे का कहर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने 10 और 11 जनवरी को बिहार के कुछ हिस्सों में शीत दिवस की स्थिति रहने की संभावना जताई है। जबकि दिन के तापमान में सामान्य से अधिक गिरावट हो सकती है।
झारखंड में शनिवार को शीतलहर का प्रकोप बना रहेगा
झारखंड के कुछ हिस्सों में शनिवार को शीतलहर का प्रकोप बना रहा और राज्य के 13 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। यह जानकारी भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दी। आईएमडी के अनुसार, राज्य का सबसे कम, 1.5 डिग्री सेल्सियस तापमान खूंटी में दर्ज किया गया। इसके बाद डालटनगंज में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस और बोकारो में 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कश्मीर में ठंड का कहर, 29 जनवरी तक रहेगा जारी
कश्मीर घाटी इस समय अपनी सबसे कठोर सर्दियों की अवधि जिसे ‘चिल्ला-ए-कलां’ कहा जाता है, से गुजर रही है। श्रीनगर में शुक्रवार रात इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई, जिससे विश्व प्रसिद्ध डल झील के कई हिस्से पूरी तरह जम गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, यह बर्फीला दौर 29 जनवरी तक जारी रहेगा। 21 जनवरी तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, जिससे रात के तापमान में और भी भारी गिरावट देखी जा सकती है।
इसे भी पढ़ें:-Gold Price Today: सोने-चांदी के दामों में बड़ा बदलाव, जानिए यूपी में क्या है 24k गोल्ड का भाव