New Delhi: सोहना-पलवल रोड पर गांव सिलानी मोड़ के पास गुरुवार तड़के सीआईए नूंह की टीम और गौ-तस्कर के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने बताया कि इस मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से गौ-तस्कर शाहिद उर्फ आडवानी (27 वर्ष), निवासी खरखड़ी, नूंह की मौत हो गई। वहीं, उसके साथ मौजूद दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए और उनकी तलाश की जा रही है।
गायों को लेकर जा रहे थे तस्कर
जानकारी के मुताबिक, यह मुठभेड़ गुरुवार की सुबह करीब चार बजे हुई. सीआईए नूंह की टीम को गौ तस्करी के आरोपियों के बारे में सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपियों का पीछा शुरू किया. आरोपी थार गाड़ी से दो गायों को लेकर जा रहे थे, सिलानी मोड़ के पास पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ शुरु हो गई।
मुठभेड़ में शाहिद को लगी गोली
मुठभेड़ के दौरान शाहिद उर्फ आडवानी को गोली लग गई. पुलिस टीम ने तत्काल उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शाहिद के दो साथी अंधेरे के फायदा उठाकर फरार हो गए. पुलिस उनकी तलाश में जुटी हैं.
तस्कर के खिलाफ दर्ज थे 40 से ज्यादा केस
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल सोहना में रखवाया. वहीं, सीन ऑफ क्राइम और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी. टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और मुठभेड़ से जुड़े तथ्यों की जांच की. वाहन में मौजूद गायों की स्थिति और उनकी जांच के लिए पशु चिकित्सक को भी मौके पर बुलाया गया. मारे गए तस्कर के खिलाफ 40 से ज्यादा केस दर्ज हैं.
फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने थार गाड़ी को कब्जे में लेकर उसकी भी जांच शुरू कर दी है. फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों के भागने की दिशा और उनके बारे में सुराग मिल सके और उन्हें पकड़ा जा सके.