New Delhi: देश के कई हिस्सों में मानसून की रफ्तार भले ही थोड़ी कम होती नजर आ रही हो, लेकिन बारिश का दौर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। मौसम विभाग ने 18 सितंबर को दिल्ली, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा समेत 16 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ आंधी चलने की भी आशंका है।
मौसम विभाग के मुताबिक, कई जगहों पर हवाओं की रफ्तार 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों को खुले इलाकों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। किसानों के लिए भी यह मौसम परेशानी बढ़ा सकता है, क्योंकि तेज हवाओं और बारिश से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान हो सकता है।
दिल्ली-NCR में आंधी के साथ बारिश
बता दें कि राजधानी दिल्ली और NCR में भी 18 सितंबर को मौसम का मिजाज बदल सकता है। दिल्ली में तेज बारिश के साथ आंधी चलने की संभावना जताई गई है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
बिहार और यूपी में भी बदलेगा मौसम
बिहार के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। पटना, गया, भोजपुर, मधुबनी, बक्सर, दरभंगा, अररिया, भागलपुर, वैशाली, सिवान, सुपौल, पूर्णिया, मुंगेर और बेगूसराय में भारी बारिश और तेज हवा की संभावना जताई गई है। पटना में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश में भी कई जिलों में आंधी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है। गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, मथुरा, प्रयागराज, गोरखपुर, आगरा, मेरठ, झांसी, इटावा और रायबरेली में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।