New Delhi: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 5 सितंबर 2026 यानी शिक्षक दिवस के अवसर पर नई दिल्ली के विज्ञान भवन में उच्च शिक्षा संस्थानों और पॉलिटेक्निक संस्थानों के 21 उत्कृष्ट शिक्षकों एवं फैकल्टी सदस्यों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्रदान करेंगी। शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस वर्ष के पुरस्कार देश में शिक्षण, शोध, नवाचार, आउटरीच और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने के लिए दिए जा रहे हैं।
बता दें कि इस वर्ष चुने गए 21 पुरस्कार विजेताओं में केंद्रीय उच्च शिक्षा संस्थानों से 12 शिक्षक, राज्य विश्वविद्यालयों और कॉलेजों से पांच शिक्षक तथा पॉलिटेक्निक संस्थानों से चार फैकल्टी सदस्य शामिल हैं। राज्य संस्थानों से चुने गए पांच पुरस्कार विजेताओं में तीन सरकारी संस्थानों और दो निजी कॉलेजों से हैं। वहीं, चार पॉलिटेक्निक पुरस्कार विजेताओं में दो सरकारी और दो निजी पॉलिटेक्निक से हैं।
राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन माध्यम से NAT 2026 के लिए नामांकन आमंत्रित किए गए थे, जिसमें जन भागीदारी के अंतर्गत स्वयं, संस्था और सहपाठियों के नामांकन का प्रावधान शामिल था। नामांकन 26 मई से 20 जुलाई तक आमंत्रित किए गए थे।
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए शिक्षकों और संकाय सदस्यों का चयन उनके बेहतर प्रदर्शन के आधार पर किया जाता है। इसके लिए पढ़ाने की प्रभावशीलता, छात्रों और समाज के लिए किए गए कार्य, शोध एवं नए प्रयोग, प्रायोजित शोध, शिक्षक विकास कार्यक्रम और मार्गदर्शन जैसे कई पहलुओं को देखा जाता है।