Delhi: दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार, 11 अक्टूबर 2026 को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से प्रदर्शन का आयोजन किया जा रहा है. इस प्रदर्शन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी.इस बीच लद्दाख के पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की भागीदारी को लेकर चर्चाएं तेज थीं, क्योंकि वे इससे पहले CJP के प्रदर्शनों में सक्रिय नजर आए थे. हालांकि इस बार वांगचुक ने प्रदर्शन में शामिल न होने का फैसला किया है.
वीडियो जारी कर बताई वजह
सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर कहा कि वे दिल्ली में हो रहे इस प्रदर्शन में मौजूद नहीं रह पाएंगे. उन्होंने बताया कि तमाम बाधाओं के बावजूद वे देश की सुरक्षा और पर्यावरण से जुड़े अपने कामों को जारी रखेंगे.
सर्दियों की तैयारी में जुटे हैं वांगचुक
वांगचुक ने बताया कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान लद्दाख और हिमालयी क्षेत्रों में सर्दियों से पहले की तैयारियों पर है. इसमें पानी की कमी से निपटने के लिए कृत्रिम ग्लेशियर बनाना और GLOF (ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड) के खतरे पर काम करना शामिल है. उन्होंने कहा कि हिमालय में 200 से ज्यादा खतरनाक ग्लेशियल झीलें हैं, जिन पर अभी काम करना ज्यादा जरूरी है.
फैज की पंक्तियों से दिया संदेश
अपने फैसले को समझाते हुए वांगचुक ने फैज अहमद फैज की शायरी का जिक्र किया और कहा कि सियासत के अलावा भी दुनिया में कई जरूरी काम हैं. उन्होंने प्रदर्शन के आयोजकों और शामिल होने वाले लोगों को शुभकामनाएं दीं और सभी समूहों से एकजुटता बनाए रखने की अपील की.
युवाओं से शांति की अपील
वांगचुक ने खासकर Gen-Z युवाओं से अपील की कि वे विरोध के दौरान शांति का रास्ता न छोड़ें. उन्होंने महात्मा गांधी के अहिंसा के सिद्धांत का जिक्र करते हुए कहा कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहना चाहिए.
इसे भी पढ़ें:-पनामा में 7.6 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, 5 देशों में सुनामी का अलर्ट जारी