Delhi: दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने मादक पदार्थों की तस्करी करने में शामिल रहे युवक दिलशाद गार्डन, दिल्ली निवासी इमरान उर्फ शेर खान (23) को 1.022 किलोग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है. बरामद हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 6 करोड़ रुपये बताई जा रही है. पुलिस ने हेरोइन कहां से आई और इसकी खेप किस को जानी थी उसकी पहचान कर ली है.
पुलिस के गिरफ्त में तस्कर
डीसीपी (क्राइम) संजीव कुमार यादव के मुताबिक, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) के हेड कॉन्स्टेबल सिकंदर की लीडरशिप में हेड कॉन्स्टेबल देवेंद्र और नीतू की टीम शाहदरा जिले के ड्रग सप्लायर्स की निगरानी कर रही थी. इसी दौरान शाम करीब 3:50 बजे टीम ने सेंट्रल पार्क के पास एक युवक को स्कूटी पर आते देखा. पुलिस को देखकर युवक घबरा गया और भागने की कोशिश करने लगा, जिसपर शक होने पर टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया. जिनके पास से भूरे और क्रीम रंग के पाउडर वाले दो सफेद पॉलीथीन पैकेट मिले.
जांच में आया सामने
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी की मां हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर एनडीपीएस एक्ट के पांच केस दर्ज है. फिलहाल उसे दिल्ली से तड़ीपार किया गया है. आरोपी के पिता पर 2023 में जीटीबी एनक्लेव थाने में एनडीपीएस का केस दर्ज हुआ था. बड़ा भाई इस साल गीता कॉलोनी थाने में दर्ज एनडीपीएस केस में ही जेल में बंद है. इसका एक संगठित, परिवार-आधारित ड्रग नेटवर्क का हिस्सा होने की आशंका है. पुलिस ने इससे 1.022 kg हेरोइन, स्कूटर, पांच किलो की गोल्ड चेन और एक फोन रिकवर किए. पुलिस का कहना है वे गंभीरता से मामले की जांच कर रही है.
गाजियाबाद, यूपी सप्लाई करने जा रहा था
पुलिस उपायुक्त यादव ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह हेरोइन रघुवीर नगर, दिल्ली के रहने वाले एक सोर्स से खरीदी गई थी और गिरफ्तारी के समय इसे नंद ग्राम गाजियाबाद, यूपी के एक रिसीवर को सप्लाई करने जा रहा था. बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए टेक्निकल सर्विलांस और आगे की रेड चल रही है.
इसे भी पढ़ें:-Gold Price Today: आज फिर बढ़े सोने-चांदी के दाम, जानिए आपके शहर में क्या है भाव