ब्रेकफास्ट में बनाएं लाजवाब वेजिटेबल अप्पे

रेसिपी। साउथ इंडियन फूड काफी लोगों को पसंद होता है। इसका स्वाद लाजवाब होता है और ये डाइजेस्ट भी आसानी से हो जाता है। आजकल डोसा, इडली, मेदूवड़ा के साथ ही अप्पे भी काफी पसंद किए जाने लगे हैं, यही वजह है कि स्ट्रीट फूड के तौर पर भी आपको देश के ज्यादातर हिस्सों में आसानी से वेजिटेबल अप्पे मिल जाएंगे।

अप्पे का स्वाद बड़ों के साथ बच्चों को भी बहुत पसंद आता है और इसे ब्रेकफास्ट या दिन में स्नैक्स के तौर पर भी बनाया जा सकता है। आप भी अगर वेजिटेबल अप्पे खाना पसंद करते हैं और इसे ब्रेकफास्ट में तैयार करना चाहते हैं तो हमारी बताई रेसिपी की मदद से आप इसे मिनटों में तैयार कर सकते है। तो आइए जानते हैं वेजिटेबल अप्पे बनाने की आसान रेसिपी।

सामग्री :-
रवा – 1 कप
दही – 3/4 कटोरी
प्याज – 1
टमाटर – 1
गाजर – 1
शिमला मिर्च – 1
हरी मिर्च – 2
राई – 1 टी स्पून
हरा धनिया – 2 टेबलस्पून
बेकिंग सोडा – 1/2 टी स्पून
तेल –आवश्‍यकतानुसार

नमक – स्वादानुसार

बनाने की विधि :-
वेजिटेबल अप्पे बनाने के लिए सबसे पहले प्याज और टमाटर के बारीक-बारीक टुकड़े काट लें। इसके बाद एक बड़ी मिक्सिंग बाउल में कद्दूकस किया हुआ गाजर शिमला मिर्च, हरी मिर्च और हरा धनिया  काट कर लें और उसमें रवा डाल दें। इसके बाद दही डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर दें। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा घोल तैयार कर लें और उसे 15 मिनट के लिए अलग रख दें।

नियत समय के बाद बैटर लें और उसमें बेकिंग सोडा डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर दें। इसके बाद अप्पे बनाने का पॉट लेकर उसके ऊपर तेल डालकर चिकना कर दें। अब अप्पे के हर खाने में थोड़े-थोड़े राई के दाने डालें। इनके ऊपर वेजिटेबल अप्पे का बैटर डालें और ढककर 3-4 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं। अब इन्हें पलटे और थोड़ा सा तेल ऊपर लगाएं और ढककर दोबारा 2-3 मिनट तक पकाएं।

अप्पे को तब तक पकाना हैं जब तक कि दोनों ओर से अप्पे सुनहरे होकर क्रिस्पी न हो जाएं। इसके बाद गैस बंद कर दें। इसी तरह सारे घोल से वेजिटेबल अप्पे तैयार कर लें। इस तरह नाश्ते के लिए स्वादिष्ट अप्पे बनकर तैयार हैं। इन्हें मूंगफली की चटनी या टमाटर सॉस के साथ सर्व करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *