Development: एलजी मनोज सिन्हा ने उद्योगपतियों को दिया न्योता…

जम्मू-कश्‍मीर। मुंबई के उद्योगपतियों व निवेशकों को उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू कश्मीर में कारोबार के अवसरों का लाभ उठाने और प्रदेश के अभूतपूर्व विकास में भागीदार बनने का न्योता दिया है।

उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा मुंबई में इंडियन फैमिली बिजनेस अवार्ड समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में हमने कारोबार को आसान बनाने के लिए 235 सेवाओं को ऑनलाइन और 180 सेवाओं को एकल खिड़की प्रणाली में शामिल कर लालफीता शाही को रेडकारपेट में बदल दिया है।

मनी कंट्रोल नेटवर्क समूह ने पारिवारिक कारोबार की भूमिका को प्रोत्साहित करने के लिए मुंबई में सम्मान समारोह आयोजित किया था। उप-राज्यपाल मनोज सिन्‍हा ने पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह धारणा तेजी से उभर रही है कि नई पीढ़ी अपनी गतिशीलता, प्रतिभा और व्यवहार कुशलता से बढ़ती आर्थिक सफलता को आगे ले जाएगी।

आज अगर हम 5 ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था बनने की तरफ बढ़ रहे हैं, तो यह पारंपरिक व्यापारिक घरानों के कारण भी है, जिन्होंने रोजगार पैदा कर समाज को सशक्त बनाते हुए देश में उद्यमशीलता की भावना को विकसित किया है।

उप-राज्यपाल मनोज सिन्‍हा ने पीएम मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत 8 वर्षों में दुनिया की मजबूत आर्थिक शक्ति के रूप में उभरा है। कोराना, वैश्विक मंदी और अस्थिरता के बावजूद अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष ने भारत की जीडीपी वृद्धि दर को 8.2 फीसदी पर रखा है, जो दुनिया के कई बड़ी आर्थिक ताकतों की जीडीपी से ज्यादा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *