रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ब्रह्मोस यूनिट का किया शिलान्यास….

लखनऊ। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ब्रह्मोस यूनिट का शिलान्यास करते हुए कहा कि यह यूपी के रक्षा उत्पाद के क्षेत्र में सबसे बड़ी उपलब्धि है। इससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था में एक नया अध्याय जुड़ जाएगा। इसके लिए डीआरडीओ व उनकी पूरी टीम को बधाई। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्‍तर प्रदेश तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मैं जल्द से जल्द भूमि उपलब्ध करा दूंगा। उन्‍होंने कहा कि मुझे लगा क‍ि 6 महीने तो लगेंगे ही, लेकिन डेढ़ महीने के अंदर 200 एकड़ जमीन उपलब्ध करवा दी। वहीं रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि हम ब्रह्मोस दुनिया के देशों पर हमला करने के लिए नहीं बना रहे है। यह हमारे देश का चरित्र नहीं है। हमने न हमला किया, न जमीन कब्जाई है। ब्रह्मोस इसलिए बनाना चाहते हैं, जिससे कि हमारे पास ऐसी ताकत हो कि दुनिया का कोई भी देश आंख दिखाने की जुर्रत न करे। इस प्रकार के डेटेरेंट होने जरूरी हैं। वहीं उरी और पुलवामा में हमने कर दिखाया है। हमारे पड़ोसी देश को सबक सिखाने के लिए सर्जिकल व एयर स्ट्राइक कर संदेश दे दिया कि जरूरत पड़ी तो उस पर हमला भी कर सकते हैं। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह डीआरडीओ की अत्याधुनिक लैब और नेक्स्ट जेनरेशन मिसाइल निर्माण केंद्र कार्यक्रम में बोल रहे थे। जहां रविवार को उन्होंने ब्रह्मोस यूनिट का शिलान्यास किया। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यूपी ऊंचाइयों को छू रहा है। पहले की अपेक्षा लोगों के जीवन मे बदलाव आया है। सारी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। सड़कें और फ्लाईओवर तेजी से बन रहे हैं। यूपी में 4 एक्सप्रेसवे तेजी से बन गए। सरकारी योजनाओं का एक पैसा भी कोई माई का लाल काट नहीं सकता। जब राजीव गांधी जी प्रधानमंत्री थे तो उन्होंने असमर्थता व्यक्त करते हुए कहा था कि एक रु भेजता हूं तो 15 पैसे नीचे आता है, लेकिन हमारे पीएम मोदी ने व्यवस्था बदली और अब सौ का सौ पैसा पहुंच रहा है। आयुष्मान योजना, उज्जवला सभी के लिए है। प्रदेश में कानून व्यवस्था चुस्त दुरुस्त है। पहले अपराध का राजनीतिकरण था। आज डंके की चोट कह सकते हैं कि सीएम योगी ने कानून व्यवस्था बदल दी है। जिसकी चर्चा दूसरे प्रदेशों में भी होती है। जब मैं दूसरे राज्यों में जाता हूं तो लोग कहते हैं कि यूपी की सरकार, बहुत असरदार। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सीएम योगी एक दिलेर मुख्यमंत्री हैं, लेकिन एक मामले में कंजूस हैं। माफियाओं को तनिक भी रियायत नहीं देते हैं। हर जगह बुलडोजर चल रहा है। यहां अपराधियों नहीं, बुलडोजर वालों की बल्ले बल्ले है। दुनिया भर के निवेशक यूपी आ रहे हैं। प्रदेश में चार-चार अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे बन रहे हैं। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ देश की पहली ऐसी सरकार है, जो कि अपनी विरासत और संस्कृति को भी संभाल रही है। जो अपनी पुरातन संस्कृति से कटता है। वह कटी पतंग जैसा होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *