जापान में भारतीय मूल के लोगों से मिले CM योगी, बच्चों ने किया दंडवत् प्रणाम, संस्कृत में सुनाए श्लोक

CM Yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय जापान दौरे पर हैं.  मुख्यमंत्री के साथ मंत्री नंद गोपाल नंदी सहित अन्य अधिकारी साथ में हैं. सीएम योगी जब टोक्यो से यमुनाशी की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में कुछ भारतीय मूल की महिलाएं और बच्चे भी वहां पहुँच गए. इन बच्चों ने सीएम योगी को दंडवत् होकर प्रणाम किया और उनके पैर छुए. इसके बाद इन बच्चों ने उन्हें संस्कृत में श्लोक भी सुनाए. 

बच्चों ने सीएम योगी को सुनाएं संस्कृत श्लोक

इसी दौरान एक छोटा सा बच्चा भी उनसे मिलने पहुंचा, उसने उन्हें दंडवत् प्रणाम करके पैर छुए और संस्कृत में श्लोक सुनाए, सीएम योगी भी उनके साथ श्लोक दोहराते हुए दिखाई दिए. मुख्यमंत्री से मिलने पहुंची महिला उनके लिए उपहार भी लेकर आई थी, जिसे सीएम योगी ने सहस्र स्वीकार किया. इसके बाद मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट भेंट की और प्यार से उनके सिर पर हाथ रखा और उनकी पढ़ाई व उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं.

सीएम ने एक्स पर पोस्ट कर दी जानकारी

सीएम योगी ने इस पल के वीडियो को एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “संस्कारों की पावन परंपरा का स्पंदन, सनातन संस्कृति के स्वर्णिम आलोक से आलोकित उगते सूरज की पावन धरा.”

इससे पहले सीएम योगी ने जापान में भारतीय मूल के समुदाय को भी संबोधित किया, जिसमें उन्होंने बीजेपी सरकार में हुए कामों को गिनाया. मुख्यमंत्री ने पहले की सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले यूपी की पहचान कर्फ्यू, दंगों और बिजली संकट से होती थी, जबकि अब यह त्योहारों और विकास के लिए जाना जाता है.  

सीएम योगी का जापान दौरा

सीएम योगी का जापान दौरा आज खत्म हो रहा है. जिसके बाद वो भारत वापसी के लिए निकलेंगे. सीएम योगी का ये दौरा यूपी में निवेश और रोज़गार की दृष्टि से बेहद अहम रहा है. इस दौरान उन्होंने कई बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ मुलाकात की और यूपी में निवेश के लिए प्रोत्साहित किया. सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार में राज्य के इंफ्रास्ट्रक्चर और क़ानून व्यवस्था को लेकर बड़े स्तर पर काम किया गया है.  

इसे भी पढ़ें:-तेज रफ्तार पिकअप ने पांच महिलाओं को रौंदा, तीन की मौत, दो गंभीर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *