लखनऊ। एसजीपीजीआई के क्रिटिकल केयर आईसीयू में भर्ती पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। सोमवार को किसी तरह का सुधार नहीं आने पर संक्रमण संबंधी जांचें कराई गई हैं। इन रिपोर्ट के आधार पर दवाओं की डोज कम या अधिक की जाएगी। संस्थान के निदेशक प्रो आरके धीमान ने बताया कि चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम निगरानी कर रही है। बुधवार को उमा भारती ने पीजीआई पहुंचकर कल्याण सिंह का हालचाल लिया। उमा भारती ने कहा कि मैं आज कल्याण सिंह जी के हाल-चाल जानने के लिए लखनऊ पहुंची। मैं भगवान से प्रार्थना करती हूं कि वह हम सब लोगों के बीच स्वस्थ होकर जल्द वापस आएं। उमा भारती ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश और भारत में भाजपा की जो मजबूत स्थिति बनी है उसमें कल्याण सिंह जी का बड़ा योगदान है और आगे भी हमें उनकी छत्रछाया की जरूरत है। उमा भारती ने कहा कि कल्याण सिंह उन विरले नेताओं में से थे जिन्होंने भारत को राम मंदिर से रामराज्य की ओर ले जाने में अपना महत्त्वपूर्ण योगदान दिया। उमा भारती ने पत्रकारों से कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 5 सालों में जो कर्म किए हैं, उसका फल उन्हें मिल रहा है और वह सत्ता से बाहर हैं। कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस सदन नहीं चलने दे रही है। मैं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को चुनौती देती हूं कि वो हमारा और भाजपा का रास्ता सड़क पर रोक कर देखें। भीड़ में रोक कर देखें। वह जनता के बीच में रोक कर देखें, उन्हें अपनी हैसियत के बारे में पता चल जाएगा।