लखनऊ। गोंडा जिले के खरगूपुर थाना क्षेत्र में बिसुही नदी में आई बाढ़ में बुधवार को तीन बच्चे डूब गए थे। दिन भर चले रेस्क्यू के बाद भी सफलता नहीं मिली थी। गुरुवार की सुबह तीनों बच्चों के शव उतराते मिले। थाना क्षेत्र के पचरुखी मनोहरजोत गांव में बुधवार की दोपहर में विक्रांत (12) पुत्र तिलकराम, छोटे (12) पुत्र पवन यादव और आनंद कुमार (14) पुत्र सुरेश कुमार बाढ़ के पानी में नहाने गए थे। बिसुही इस गांव से दूर है लेकिन इस समय बिसुही नदी में बाढ़ का पानी भरा हुआ है। नहाने गए तीनों बच्चे डूब गए। बुधवार को गोताखोरों व ग्रामीणों ने पूरे दिन तलाश की। रात 10 बजे तक चले ऑपरेशन में सफलता नहीं मिली। गुरूवार की सुबह तीनों बच्चे मृत अवस्था में मिले। इससे गांव में कोहराम मच गया। पुलिस मौके पर पहुंच गयी है और कागजी कार्रवाई कर रही है।