JNVST Registration 2027: अगर आप अपने बच्चे का दाखिला जवाहर नवोदय विद्यालय में कराना चाहते हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है. नवोदय विद्यालय समिति (NVS) ने JNVST 2027 के तहत कक्षा 6 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिए हैं. इसके लिए ऑनलाइन आवेदन 7 जुलाई 2026 से शुरू हो चुके हैं. जिसकी आखिरी तारीख 31 जुलाई 2026 तय की गई है. प्रवेश परीक्षा 28 नवंबर 2026 को आयोजित होगी.
कौन कर सकता है आवेदन?
1. छात्र वर्तमान एकेडमिक सेशन में किसी मान्यता प्राप्त स्कूल में कक्षा 5वीं में पढ़ रहा हो.
2. उसने कक्षा 3, 4 और 5 की पढ़ाई मान्यता प्राप्त स्कूल से की हो.
3. छात्र उसी जिले का निवासी हो, जहां स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में एडमिशन के लिए आवेदन कर रहा है.
4. छात्र का जन्म 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच हुआ होना चाहिए.
5. प्रत्येक छात्र केवल एक बार ही JNVST परीक्षा में शामिल हो सकता है.
सीटों का आरक्षण कैसे होगा?
नवोदय विद्यालयों में कम से कम 75 प्रतिशत सीटें ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों के लिए आरक्षित रहेंगी. बाकी सीटों पर ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के छात्रों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा. इसके अलावा एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग को सरकारी नियमों के अनुसार आरक्षण मिलेगा. वहीं, कम से कम एक-तिहाई सीटें छात्राओं के लिए आरक्षित रहेंगी. दिव्यांग छात्रों को भी नियमानुसार आरक्षण का लाभ मिलेगा.
कैसी होगी परीक्षा?
प्रवेश परीक्षा OMR शीट पर ऑफलाइन होगी. इसमें 80 MCQ प्रश्न पूछे जाएंगे, जो कुल 100 अंकों के होंगे. प्रश्न मानसिक क्षमता (Mental Ability), पर्यावरण अध्ययन (EVS), अंकगणित और भाषा से पूछे जाएंगे. हर सही उत्तर पर 1.25 अंक मिलेंगे और सबसे राहत की बात यह है कि गलत जवाब देने पर कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी. परीक्षा की अवधि 2 घंटे होगी. चयन के लिए छात्रों को मानसिक क्षमता और ईवीएस में तय न्यूनतम अंक तथा अन्य विषयों में भी निर्धारित न्यूनतम अंक हासिल करने होंगे.
ऐसे करें आवेदन
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट cbseitms.rcil.gov.in पर जाएं.
- होमपेज पर JNVST Class 6 Registration लिंक पर क्लिक करें.
- नया रजिस्ट्रेशन करें और मांगी गई जानकारी भरें.
- आवेदन फॉर्म में छात्र का नाम, जन्मतिथि, स्कूल, पता और अन्य जरूरी विवरण सही-सही दर्ज करें.
- जरूरी दस्तावेज अपलोड करें और सभी जानकारी एक बार अच्छी तरह जांच लें और फॉर्म सबमिट करें.
- फाइनल फॉर्म डाउनलोड करके अपने पास सुरक्षित रख लें.
इसे भी पढे़ं:-मां विंध्यवासिनी मन्दिर पहुंचे सीएम योगी, विधि-विधान से की पूजा-अर्चना