Varanasi: वाराणसी (काशी) में बहुप्रतीक्षित ‘वग्सि ओवर गंगा’ थीम पर आधारित एयर शो शुरू हो चुका है. लोगों की भीड़ काशी के नमो घाट सहित राजघाट और अन्य करीबी गंगा घाटों पर सुबह से ही उमड़ चुकी है. घाटों पर लोगों का जमावड़ा युद्धक विमानों की पैंतरेबाजी देखने को सुबह से ही आतुर दिखी, दस बजे तक ट्रैफिक जाम की नौबत आ गई तो साढ़े दस बजे तक नमो घाट के आसपास सभी प्रमुख घाटों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
विमानों की लकीरों ने आसमान में बनाई तिरंगे की आकृति
शिव की नगरी काशी में नमो घाट पर आसमान में बृहस्पतिवार की सुबह एक साथ दर्जनों विमानों ने उड़ान भरा तो हजारों निगाहें आसमान पर टिक गईं, कुछ ही पलों में विमान नीचे आए, तेजी से पलटे और फिर ऊंचाई की ओर बढ़ गए, विमानों की लकीरों ने आसमान में तिरंगे की आकृति बनाई तो दर्शक रोमांचित हो उठे, गंगा के ऊपर आसमान में पहली बार काशी वायुसेना के शौर्य की साक्षी बनी, इस दौरान राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000 और तेजस जैसे लड़ाकू विमानों ने अपनी रफ्तार और युद्धक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।
विमानों का करतब देख लोगों ने कहा- ये पल ऐतिहासिक
एयर शो देखने के लिए नमो घाट से लेकर अस्सी व दशाश्वमेध के साथ ही सभी घाटों पर लोगों की भीड़ उमड़ी है। इस दौरान लोगों ने आंखों के सामने विमानों का करतब देख कहा कि ये पल ऐतिहासिक है, बच्चों में काफी उत्साह नजर आया।
एयर शो देखने पहुंचे दर्शकों की भीड़ को देखते हुए जिले की पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जमीन से लेकर आसमान तक कड़ा सुरक्षा पहरा है।
एयर शो में देश के 12 एयरबेस से 100 लड़ाकू विमान भरेंगे उड़ान
मालूम हो कि एयर शो में देश के 12 एयरबेस से 100 लड़ाकू विमान उड़ान भरेंगे, इनमें 52 लड़ाकू, 15 परिवहन, एक विंटेज विमान और 32 हेलिकॉप्टर शामिल रहेगा, भारतीय वायुसेना का गरुड़ विशेष बल भी प्रदर्शन का हिस्सा होगा, बोइंग सी-17 ग्लोबमास्टर थ्री सूर्य किरण के 9 विमानों संग फॉर्मेशन करेगा।
आज एयर शो का पहला दिन
आज एयर शो का पहला दिन है, वहीं 24 और 25 अक्तूबर को भी आयोजन होना है, ऐसे में शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है, मालवाहक वाहनों, रोडवेज व प्राइवेट बसों का संचालन शहर के अंदर नहीं हो रहा है।
विदेशी पर्यटक भी एयर शो देखने पहुंचे
एयर शो देखने के लिए काशी के विभिन्न घाटों पर हजारों की संख्या में लोग उत्साह के बीच पहुंचे हैं, विदेशी पर्यटक भी एयर शो देखने के लिए घाटों पर पहुंचे।
दर्शकों ने कहा कि बहुत आनंद आ रहा है
एयर शो देखने के लिए राजघाट-प्रह्लाद घाट की सीढ़ियों पर भारी संख्या में लोग बैठे रहे, कड़ी धूप में भी लोग डटे रहे, दर्शकों ने कहा कि बहुत आनंद आ रहा है, जिन लड़ाकू विमानों को टीवी पर देखते थे, उसे आज आंखों के सामने देख रहे हैं।
लोगों ने किया हर-हर महादेव का जयघोष
एयर शो देखने के लिए घाटों पर हजारों की संख्या में लोग पहुंचे हैं, उत्साह के बीच लोग हर-हर महादेव का जयघोष कर रहे हैं, लोग कैमरें और अपने मोबाइल में इस एयर शो की तस्वीर कैद करने के साथ ही विमानों के साथ सेल्फी ले रहे हैं।