Varanasi: काशी में गंगा और वरुणा नदी के किनारे बनने वाले दो एलिवेटेड कारिडोर सिर्फ सड़क नहीं, बल्कि काशी की तस्वीर बदलने वाली लाइफलाइन बनेंगे। इन परियोजनाओं के तहत शहर में कुल 89.26 किलोमीटर लंबे दो एलिवेटेड कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे जहां 24 लाख काशीवासियों के साथ हर साल आने वाले लगभग दस करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं, पर्यटकों और कारोबारियों को इसका सीधा फायदा मिलेगा। एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, काशी विश्वनाथ धाम, सारनाथ, नमो घाट तक पहुंचना आसान होगी तो वहीं समय की बचत भी होगी।
बता दे कि शहर के बाहर का ट्रैफिक ऊपर से निकलेगा, लोकल ट्रैफिक नीचे चलेगा। इसके अलावा गंगा उस पार काशी के नए विस्तार की राह प्रशस्त होगी। नई काशी की रूप रेखा खींचने की तैयारी विकास प्राधिकरण की तरफ से शुरू कर दी गई है। गंगा उस पार नियाजित प्लान के तहत 89 किमी लंबे वरुणा-गंगा कारिडोर और रिंग रोड के आसपास नई टाउनशिप, माल, अस्पताल, कालेज, लाजिस्टिक हब बनेंगे।
कारोबार को मिलेगा फलक
बनारसी साड़ी, कालीन, हस्तशिल्प के थोक बाजार और इंडस्ट्रियल एरिया की रफ्तार बढ़ेगी। बिना जाम के घाट, मंदिर, होटल पर्यटक पहुंच सकेंगे। पर्यटक का ठहराव होगा तो होटल, टैक्सी, रेस्तरां, गाइड सबकी कमाई बढ़ेगी। ये कारिडोर काशी की आर्थिक, सामाजिक और शहरी संरचना को बदलने वाली आधारभूत योजनाएं साबित हो सकती हैं।