Lucknow: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने बुधवार (15 अप्रैल) को लखनऊ स्थित टाटा मोटर्स के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में बने 10 लाखवें कमर्शियल व्हीकल यूनिट को हरी झंडी दिखाई. इस दौरान उत्तर प्रदेश के इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट मिनिस्टर नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ भी मौजूद थे. सीएम योगी ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश की औद्योगिक प्रगति का एक ऐतिहासिक पड़ाव है. यह उपलब्धि न केवल टाटा ग्रुप कंपनी के लिए, बल्कि पूरे यूपी के औद्योगिक परिदृश्य के लिए गर्व का अवसर है.
सीएम योगी ने कहा- टाटा मतलब ट्रस्ट
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 25 करोड़ की आबादी और 56 फीसदी वर्कफोर्स है. इसका प्रभाव कागजों से बाहर आकर जमीन पर भी देखने को मिल रहा है. टाटा मोटर्स में बनने वाली बसों में हमने बचपन से यात्राएं की हैं. लोगों ने टाटा का मतलब ट्रस्ट के साथ जोड़ा है. सुई से लेकर हवाई जहाज तक हर क्षेत्र में टाटा समूह भारत को सशक्त बनाने के अभियान में लगातार आगे बढ़ रहा है. टाटा का निवेश केवल उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं है बल्कि उत्तर प्रदेश को एक नई ऊंचाई तक पहुंचाने का समझौता है.
55 फीसदी एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश में है
सीएम ने कहा कि पहले तमाम चुनौतियां थीं कि कनेक्टिविटी अच्छी नहीं थी. संसाधन कम थे. यह तय कर पाना कठिन होता था कि सड़क है या गड्ढा है. सुरक्षा का संकट था. न तो नियत साफ थी और ना ही कोई नीति थी. परिणाम ये था कि लोग निवेश करने से डरते थे. आज भारत के कुल एक्सप्रेसवे का 55 फीसदी एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश में है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप युवाओं को स्किल, इनोवेशन और टेक्नोलॉजी से जोड़कर तैयार वर्कफोर्स के रूप में विकसित किया जा रहा है. उन्होंने इस कार्यक्रम को मात्र एक औद्योगिक उपलब्धि नहीं, बल्कि नए भारत और नए उत्तर प्रदेश की उड़ान का लॉन्चपैड बताया.
टाटा ग्रुप के चेयरमैन का बड़ा ऐलान
इस ऐतिहासिक मौके पर मौजूद टाटा ग्रुप के चेयरमैन नटराजन चंद्रशेखरन ने कहा कि कंपनी का लक्ष्य अगले पांच सालों में 20 लाख गाड़ियां लॉन्च करना है. उन्होंने कहा कि कंपनी अपने लखनऊ प्लांट से हाइड्रोजन से चलने वाली बसें और ट्रक बनाने की योजना बना रही है. चंद्रशेखरन ने टाटा ग्रुप और उत्तर प्रदेश राज्य के बीच मजबूत हो रही औद्योगिक साझेदारी पर जोर दिया.
इसे भी पढ़ें:-अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ का एडवांस बुकिंग? जल्द होगी रिलीज