Lucknow: प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान ने शुक्रवार को गोमती नगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय प्रांगण में 10 दिवसीय राज्य स्तरीय ‘उत्तर प्रदेश खादी महोत्सव-2026’ का शुभारंभ किया. यह महोत्सव 27 नवंबर से 6 दिसंबर तक चलेगा.उद्घाटन समारोह में प्रमुख सचिव खादी एवं ग्रामोद्योग अनिल कुमार सागर और खादी बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी शिशिर भी मौजूद रहे.
थीम है – धागों में संस्कृति, खादी से प्रगति
इस बार महोत्सव की थीम “धागों में संस्कृति, खादी से प्रगति” रखी गई है. प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए खादी उद्यमियों और शिल्पकारों ने कुल 150 स्टॉल लगाए हैं. मंत्री ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया और कारीगरों का हौसला बढ़ाया.उन्होंने कहा कि आज की खादी सिर्फ कुर्ता-पायजामा नहीं रही. 100 प्रतिशत शुद्ध कॉटन की विश्वसनीयता के साथ अब खादी आधुनिक और डिजाइनर परिधानों के रूप में युवाओं की पहली पसंद बनती जा रही है.
5 साल में 2.79 लाख लोगों को मिला रोजगार
मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार युवाओं को ‘नौकरी मांगने वाला नहीं, नौकरी देने वाला’ बनाने पर काम कर रही है.पिछले 5 वर्षों में मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत 2,544.35 करोड़ रुपये का ऋण दिया गया है. इससे प्रदेश में 24,799 ग्रामोद्योग इकाइयां लगीं और 2,79,000 से अधिक लोगों को सीधा रोजगार मिला.
इसे भी पढ़ें:-मानव जीवन की उत्पत्ति से अंत तक की पूरी कहानी, कब से शुरू हुआ सफर, कब होगा मानव जीवन का अंत