Up news: भारतीय वायुसेना ने शुक्रवार को गंगा एक्सप्रेसवे पर अपना पराक्रम दिखाया। आसमान का सीना चीरते हुए राफेल, सुखोई-30, जगुआर, मिग-29 और सुपर हरक्यूलिस विमानों ने जैसे ही गंगा एक्सप्रेसवे पर जलालाबाद के पीरू गांव के पास बनी हवाई पट्टी को चूमा, भारतीय वायुसेना के इतिहास में गौरव का एक और अध्याय जुड़ गया। अब भारत भी एक्सप्रेसवे पर लड़ाकू विमानों की नाइट लैंडिंग कराने वाले देशों में शामिल हो गया है।
वायुसेना का शौर्य प्रदर्शन
दोपहर 12:40 बजे शुरू हुआ एयर शो करीब 2:30 बजे तक चलता रहा। शुरुआत सैन्य परिवहन विमान एएन-32 की लैंडिंग से हुई। इसके बाद सी-130 जे हरक्यूलिस विमान नीचे उतरा। फिर जगुआर, सुखोई-30 एमकेआई, मिग-29, राफेल के दो-दो विमान गर्जना करते हुए गुजरे। इस दौरान हजारों क्षेत्रवासी दूर से ही वायुसेना का शौर्य प्रदर्शन देखते रहे। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच लड़ाकू विमानों की गर्जना ने वहां मौजूद लोगों के दिलों में रोमांच पैदा कर दिया। बरेली के त्रिशूल एयरबेस से उड़ान भरने के बाद वायुसेना के विमान और हेलिकॉप्टर गंगा एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी पर टच एंड गो करते रहे। एमआई-17 वी-5 हेलिकॉप्टर से जवानों ने रस्सी के सहारे नीचे उतरने का अभ्यास किया।
रात नौ बजे से लड़ाकू विमानों की नाइट लैंडिंग शुरू हुई। रात दस बजे तक विभिन्न लड़ाकू विमान एक्सप्रेसवे पर लैंडिंग और टेकऑफ करते रहे। इस दौरान शाम सात से रात दस बजे तक कटरा-जलालाबाद हाईवे को वाहनों के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबंधित कर दिया गया।
आपात स्थिति में हवाई पट्टी का इस्तेमाल
देश में पहली बार किसी भी एक्सप्रेसवे पर बनी हवाई पट्टी पर रात में लड़ाकू विमान उतरे। इसके पीछे का उद्देश्य यह है कि युद्ध की स्थिति में अगर दुश्मन देश बमबारी कर एयरबेस की हवाई पट्टी को नष्ट कर दे तो विकल्प के रूप में एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी का इस्तेमाल किया जा सके। आपात स्थिति में तत्काल सैन्य कार्रवाई के लिए भी इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा। हाईवे को सफर के साथ ही देश की सुरक्षा में भी इस्तेमाल किया जा सकेगा।
शो की स्थिति
- 12:41 बजे सैन्य परिवहन विमान एएन-32 आकाश में नजर आया। पांच मिनट बाद विमान नीचे उतरा। इसके बाद 1:08 बजे विमान ने टेकऑफ किया।
- 1:29 बजे सी-130 जे हरक्यूलिस विमान नीचे उतरा और फिर उड़ान भरी।
- 1:41 बजे फाइटर प्लेन जगुआर ने हवाई पट्टी को छूते हुए वापस उड़ान भरी।
- 5-5 मिनट के अंतराल पर सुखोई-30, मिग-29 और राफेल लड़ाकू विमान उड़ान भरते रहे।
- 2:15 बजे एमआई-17 वी-5 हेलिकॉप्टर से सेना के जवान रस्सी के सहारे नीचे उतरे।
- 2:30 बजे एयर शो का समापन हुआ।
विमानों की कलाबाजियां
दो सुखोई-30 विमानों ने छह बार हवाई पट्टी को चूमा। साथ ही काफी कम ऊंचाई पर कलाबाजियां दिखाकर लोगों के दिल को रोमांच से भर दिया। दो राफेल विमानों ने भी हवाई पट्टी पर टच डाउन किया। परिवहन विमान सुपर हरक्यूलिस ने भी दो बार एक्सप्रेसवे को छुआ। मिग-29 व जगुआर ने भी दो-दो बार टच डाउन किया।
लड़ाकू विमान के साथ खिंचवाई फोटो
वायुसेना के एयर शो के दौरान मंत्रीगण भी उत्साहित नजर आए। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना और केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने बैकग्राउंड में उड़ते लड़ाकू विमानों के साथ फोटो खिंचाई।
एयर शो को लेकर ग्रामीणों में दिखा उत्साह
गंगा एक्सप्रेसवे पर गांव पीरू के पास बनी हवाई पट्टी पर शुक्रवार को एयर शो को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह दिखा। वे लोग बाइक, कार, ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंचे और दूर से ही लड़ाकू विमानों को देखा। रात में नाइट लैंडिंग देखने के लिए भी लोग जुटे।
प्रशासन ने अतिबरा, ककराला, पीरू, दियुरा, झरहरहरीपुर, चरमपुरकलां व चढोकर सहित करीब एक दर्जन गांवों के पास पुलिस की टीमें तैनात की थीं।
इसे भी पढ़ें: UPSSSC PET परीक्षा का आवेदन 14 मई से होगा शुरू, अब तीन साल तक मान्य रहेगा स्कोर