Ghazipur: 30 मई को पत्रकारिता दिवस पर इस बार गाजीपुर में खास आयोजन होगा, देश के वरिष्ठ पत्रकार व भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क के सीएमडी एवं एडिटर एन चीफ उपेंद्र राय को ‘पत्रकारिता शिखर’ सम्मान से सम्मानित किया जायेगा। इसके साथ ही जिले के दिवंगत पत्रकारों के परिजनों को भी सम्मानित किया जायेगा।
जानकारी के मुताबिक गाजीपुर प्रेस क्लब के तत्वावधान में शहर के होटल ‘द ग्रैंड पैलेस’ में ‘पत्रकारिता शिखर सम्मान समारोह 2026’ का आयोजन किया जाएगा। संस्था की ओर से कार्यक्रम में गाजीपुर प्रेस क्लब के सभी सदस्यों को भी टी-शर्ट देकर सम्मानित किया जायेगा। गाजीपुर प्रेस क्लब ने इस वर्ष देश में पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ठ कार्य करने वाले पत्रकारों को पत्रकारिता शिखर सम्मान से सम्मानित करने की परम्परा शुरु की है। जिसके तहत देश के वरिष्ठ पत्रकार उपेंद्र राय को इस सम्मान से सम्मानित किया जायेगा।
समारोह में एमएलसी विशाल सिंह चंचल बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में सपा के जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, बसपा के रमेश कुशवाहा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रविकांत राय, समाजसेवी विनोद राय आदि मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में जिले के कई गणमान्य जन और प्रदेश के जाने माने पत्रकार भी शिरकत करेंगे।
गाजीपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष शिवकुमार ने बताया कि संस्था की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में पत्रकारिता के क्षेत्र में एक नई परम्परा शुरु की जा रही है। बता दें कि जिले के शेरपुर कला गांव निवासी उपेंद्र राय ने सहारा न्यूज नेटवर्क से अपने कैरियर की शुरुआत की थी और कम समय में ही अपनी प्रतिभा, कार्य कुशलता व कर्मठता के जरिये देश के प्रसिद्ध पत्रकारों की सूची में अपना स्थान बनाया। उपेंद्र राय ने देश के महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी बेबाक शैली के साथ रिपोर्टिंग कर लोगों का ध्यान आकर्षित करने में सफलता पायी। वर्तमान में वरिष्ठ पत्रकार उपेंद्र राय भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क में सीएमडी एवं एडिटर एन चीफ के पद पर रहकर देश की पत्रकारिता को एक नई दिशा देने का काम कर रहे हैं।