Ballia: नगर में हो रहे कटहल नाले सुंदरीकरण के कार्य का गुरुवार को परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने राज्यसभा सांसद नीरज शेखर के साथ निरीक्षण किया। मौके पर हो रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करने के बाद मंत्री ने कार्यदाई संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कहा कि जिले के लिए यह महात्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है जिससे इसे हरहाल में समय से पूरा किया जाए। इसमें किसी भी तरह की हीलाहवाली कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री ने मौके से ही अधिकारियों से अतिक्रमण आदि की स्थिति के बारे में पूछा और कार्य को तेजी से कराने के निर्देश दिए। कहा नगर क्षेत्र की जनता के लिए यह काफी महत्वपूर्ण है और इसके बनने से लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। यह नगर का सबसे खूबसूरत स्थान होगा जहां लोग सुकून से घूम-फिर सकेंगे। कहा पहले फेज में नाले का सुंदरीकरण दो किलो मीटर तक होना है जिसे आगे और बढ़ाया जाएगा। इसमें पाथ-वे भी रहेगा जिस पर लोग टहल सकेंगे। कहा भविष्य में इसे सुरहा ताल तक जोड़ा जाएगा। सुरहा को भी पर्यटन के लिहाज से विकसित करने का प्रोजेक्ट तैयार किया जा रहा है। शासन में इसका प्रस्ताव दिया गया है और आने वाले समय में सुरहा ताल बलिया का सबसे खूबसूरत जगह होगा। इस दौरान शशिकांत सिंह, भोला सिंह बघेल, राघव सिंह आदि मौजूद रहे।