Ballia: प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या की पावन भूमि पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की अध्यक्षता व जीयर स्वामी जी महाराज के नेतृत्व में आयोजित श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ सह हनुमत श्रीराम महायज्ञ में यहां से भी सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु रवाना हुए. परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के जनसंपर्क कार्यालय नारायणी सिनेमा से देर शाम को 51 बसों से श्रद्धालु प्रभु श्रीराम का जयकारा लगाते हुए अयोध्या के लिए रवाना हुए. यह महायज्ञ अयोध्या में 20 से 28 मार्च तक आयोजित हुआ. महायज्ञ में देश-प्रदेश से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और शामिल हुए. इसमें प्रदेश के लगभग सभी मंत्रियों ने भी शामिल होकर महायज्ञ का पुण्य लाभ लिया. इस महायज्ञ में कुल 1251 हवन कुंड बनाए गए थे जिसमें 5 हजार यजमान बने थे. आठ दिनों तक चले इस महायज्ञ में बनाए गए हवन कुंडों में कुल करीब पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने हवन सामग्री की आहुति दी. परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि इस समय जहां पूरा विश्व अशांति व युद्ध के दौर में जी रहा है तो यहां शांति की कामना लेकर महायज्ञ का आयोजन किया गया है. दोपहर तक यज्ञ के समापन के बाद वृहद भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया.