Ballia: बाबा बालखंडी नाथ मंदिर परिसर में 9 से 15 जून तक आयोजित होने वाली शिव महापुराण कथा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कथा स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथावाचक प्रदीप मिश्रा सोमवार को बलिया पहुंचेंगे, जिनके मुखारविंद से मंगलवार से शिव महापुराण कथा का शुभारंभ होगा।
प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कथा स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने आयोजन समिति के पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा, पेयजल, पार्किंग, चिकित्सा एवं यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि शिव महापुराण कथा में जिले सहित आसपास के जनपदों और अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संचालित हों, इसके लिए प्रशासन और आयोजन समिति समन्वय के साथ कार्य कर रही है। कथा स्थल पर विशाल पंडाल, मंच, विद्युत सज्जा, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कथा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है और सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली गई हैं। इस दौरान जयराम सिंह, अनिल पांडेय, संजीव कुमार डंपू, बिकाऊ सिंह आदि मौजूद रहे।
कटहल नाला के कार्यों का किया निरीक्षण
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कटहल नाला के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यदाई संस्था व प्रशासनिक अधिकारियों को कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। कहा कि बरसात से पहले हरहाल में मिट्टी आदि का कार्य पूरा हो जाना चाहिए।
बयासी पुल एप्रोच मार्ग की भी देखी स्थिति
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बयासी जनेश्वर मिश्र सेतु के उस पार 38 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे एप्रोच मार्ग का भी निरीक्षण किया। कार्य की स्थिति को देखकर मंत्री ने संतोष व्यक्त किया। कहा कि जल्द ही इस मार्ग का उद्घाटन किया जाएगा। कहा इसके बनने से उप्र से बिहार का आवागमन सुगम हो जाएगा। इस मार्ग के बनने के बाद ही पुल की सार्थकता साबित होगी। इस दौरान मंत्री ने बाढ़ व कटान रोधी कार्यों का भी निरीक्षण किया और बाढ़ आने से पूर्व सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।