भारतीय शेयर बाजार की जोरदार शुरुआत, 1600 अंक से ज्यादा उछला सेंसेक्स

Business: अमेरिकी मध्यावधि (मिडटर्म) चुनावों के नतीजों और कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार ने गुरुवार को जोरदार शुरुआत की, इस दौरान प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी करीब 2 प्रतिशत की बढ़त के साथ खुले और बाजार में सभी प्रमुख सेक्टरों में खरीदारी देखने को मिली।

शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 1,609.54 अंक यानी 2.08 प्रतिशत की बढ़त के साथ 78,910.94 पर खुला, तो वहीं एनएसई निफ्टी 50 417.45 अंक या 1.74 प्रतिशत उछलकर 24,378.05 के स्तर पर खुला।

सेंसेक्स में दिखी तेजी 

वहीं, दिन के कारोबार में एक समय सेंसेक्स ने 2.09 प्रतिशत की तेजी के साथ 78,922.44 का इंट्रा-डे हाई छुआ, जबकि निफ्टी ने 1.80 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24391.95 के दिन के उच्चतम स्तर को टच किया।

वित्तीय शेयरों में सबसे अधिक तेजी

सेक्टोरल आधार पर वित्तीय शेयरों में सबसे अधिक तेजी रही. निफ्टी प्राइवेट बैंक सूचकांक 2 प्रतिशत से अधिक चढ़ गया. रियल्टी सेक्टर भी मजबूत रहा और निफ्टी रियल्टी में 1.86 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई, इसके अलावा सीमेंट, ऑटो, आईटी, ऑयल एंड गैस और पीएसयू बैंक शेयरों में भी 1.8 प्रतिशत तक की तेजी देखने को मिली।

इसके साथ ही, एफएमसीजी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, मेटल, मीडिया और केमिकल सेक्टर के शेयर भी हरे निशान में कारोबार करते दिखाई दिए और इनमें 1 से 1.5 प्रतिशत तक की बढ़त दर्ज की गई।

बाजार विशेषज्ञों ने बताया कि निफ्टी अभी भी अपने 200-दिवसीय एक्सपोनेंशियल मूविंग एवरेज (ईएमए) 23,904 के ऊपर बना हुआ है, जो तकनीकी रूप से एक मजबूत तेजी का संकेत है, आरएसआई बढ़कर 68.55 पर पहुंच गया है, जो बाजार में मजबूत गति को दर्शाता है, हालांकि निकट अवधि में मुनाफावसूली की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *