Rajasthan: राजस्थान से भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। कोटा में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शंभूपुरा गांव के नजदीक हुआ, जहां श्रद्धालुओं से भरी एक क्रूजर वैन सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। बताया जा रहा है कि मृतकों में अधिकतर एक ही परिवार के लोग शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, वैन में कुल 16 लोग सवार थे, सभी महाराष्ट्र के रहने वाले थे और सीकर जिले में स्थित खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने राजस्थान आए थे, धार्मिक यात्रा पूरी करने के बाद वे अपने घर वापस जा रहे थे, इसी दौरान नाता थाना क्षेत्र के अंतर्गत शंभूपुरा के पास उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
खराब ट्रक बना हादसे की वजह, तेज रफ्तार वैन पीछे से टकराई
जानकारी के अनुसार, ट्रक में तकनीकी खराबी आने के कारण चालक ने उसे हाईवे के किनारे खड़ा किया हुआ था, मध्य प्रदेश के रहने वाले ट्रक चालक मोहम्मद हारुन वाहन की स्थिति जांच रहे थे, तभी पीछे से तेज गति से आ रही क्रूजर वैन ट्रक से जा भिड़ी, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, इस दुर्घटना में 9 लोगों की मौके पर या इलाज के दौरान मौत हो गई। घायलों में ट्रक चालक भी शामिल है। हादसे का शिकार हुए लोगों में छोटे बच्चे भी बताए जा रहे हैं।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम
दुर्घटना की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसपी तेजस्विनी गौतम सहित कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे, राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए एंबुलेंस के जरिए घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, सभी घायलों का उपचार जारी है। प्रशासन की ओर से अस्पताल में बेहतर चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।
एक ही परिवार के थे सभी यात्री, महाराष्ट्र लौटते समय हुआ हादसा
एडिशनल डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर राजेश जोशी के अनुसार, देर रात करीब 16 यात्रियों को लेकर जा रही क्रूजर वैन शंभूपुरा के पास खड़े ट्रक से टकरा गई थी। हादसे में 9 लोगों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि सभी यात्री खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने के बाद महाराष्ट्र वापस जा रहे थे और एक ही परिवार से जुड़े थे, फिलहाल मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं, वहीं, घायलों को जरूरी इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।