New Delhi: काशी में 22, 24 व 25 अक्टूबर को आयोजित एयर शो में शामिल होने के लिए पीएम मोदी का आना तय है। प्रशासन व पुलिस प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर 25 अक्टूबर की तैयारी कर रहे है। जानकारी के अनुसार पीएम मोदी सुबह 11 बजे के करीब बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। उसके बाद वह सीधे नमो घाट पहुंचेंगे। एयर शो में शामिल होने के बाद वह वापस चले जाएंगे।
बता दें कि एयर शो में लगभग 4000 वीआईपी भी 25 अक्टूबर को शामिल हो सकते हैं। इसमें प्रमुख रूप से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने की संभावना जताई जा रही है। इसे लेकर जहां पुलिस-प्रशासन रूट चार्ट, डायवर्जन, नमो घाट, गंगा पार व घाटों पर तैयारी तेज कर दिया है।
साथ ही लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट बाबतपुर पर भी तैयारियां तेज कर दी हैं। एयर शो के दौरान एयरपोर्ट पर वायुसेना के कुल 20 विमानों की पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके मद्देनजर निर्धारित तिथियों में नियमित यात्री विमानों की आवाजाही पर रोक रहेगी। इसके लिए उड़ानों का शेड्यूल को रीशेड्यूल किया गया है। यात्रियों को भी संदेश के माध्यम से इसकी सूचना भेजी जा रही है।
19 को दोपहर एक से दो बजे तक नियमित उड़ाने रहेंगी बंद
एयर शो के निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, 19 अक्टूबर को दोपहर एक से दो बजे तक वाराणसी एयरपोर्ट पर नियमित विमानों का आवागमन बंद रहेगा। 21 से 25 अक्टूबर तक प्रतिदिन दोपहर एक से तीन बजे तक नियमित उड़ानों की आवाजाही पर रोक रहेगी।