New Delhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 138वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज का भारत आतंक बर्दाश्त नहीं करता है। सर्जिकल स्ट्राइक के 10 साल पूरे हो रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि 10 वर्ष पहले 28-29 सितंबर 2016 को भारतीय सेना ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर सर्जिकल स्ट्राइक की थी। LoC के पार जाकर हमारे वीर जवानों ने जिस तरह आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई की उसे देखकर पूरी दुनिया हैरान रह गई थी। सर्जिकल स्ट्राइक ने पूरी दुनिया के सामने आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति का एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया। आतंकवादी हमलों के कारण भारत ने लंबे समय तक जिस पीड़ा को झेला, सर्जिकल स्ट्राइक उस दर्द के खिलाफ हमारी निर्णायक प्रतिक्रिया थी।
पीएम मोदी ने अशोक सिंहल को दी श्रद्धांजलि
‘मन की बात’ कार्यक्रम में पीएम मोदी ने स्वर्गीय अशोक सिंहल जी को याद किया। उन्होंने कहा कि 27 सितंबर 1926 को आज ही के दिन आगरा में अशोक सिंहल जी का जन्म हुआ था। उनकी जन्म शताब्दी पर मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। पीएम मोदी ने कहा कि अशोक सिंहल जी ने समाज के बीच रहते हुए तपस्वी जैसा जीवन बिताया। उन्होंने राम जन्मभूमि आंदोलन को नई दिशा और ऊर्जा दी। आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण उसी प्रयास का परिणाम है।
मोढेरा सूर्य मंदिर के 1000 साल हो रहे पूरे
पीएम मोदी ने कहा कि 1026 ईस्वी में गजनी ने सोमनाथ मंदिर पर हमला किया था। उसी समय गुजरात के मोढेरा में बने प्रसिद्ध सूर्य मंदिर को भी तोड़ा गया था। मोढेरा सूर्य मंदिर का निर्माण 1025 ईस्वी में राजा भीमदेव ने कराया था। इस साल मंदिर के विध्वंस को 1000 साल पूरे हो रहे हैं। आज मोढेरा अपने ऐतिहासिक सूर्य मंदिर के साथ-साथ देश के पहले ‘सोलर विलेज’ यानी सौर ग्राम के रूप में भी पहचान बना चुका है।