20 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, तूफानी हवाएं मचाएंगी कोहराम

Weather Alert Today: देशभर में मानसून एक बार फिर करवट लेने वाला है, जिससे देश के कई हिस्सों में गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, आज 4 सितंबर को उत्तर प्रदेश, बिहार और राजधानी दिल्ली समेत देश के लगभग 20 राज्यों में मूसलाधार बारिश और भयंकर आंधी की चेतावनी जारी की गई है. कई इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.  पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के साथ लैंडस्लाइड का खतरा बना रह सकता है.

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?

देश की राजधानी दिल्ली में आज मौसम काफी सर्द और तूफानी रहने के आसार हैं. मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और झमाझम बारिश होने की संभावना है. आज अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

यूपी के इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के मौसम में भी भारी उथल-पुथल देखने को मिलेगी. मेरठ, नोएडा, आगरा, मथुरा, कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी सहित कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से आंधी चलने का अनुमान है. राजधानी लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है.

बिहार में मूसलाधार बारिश और आंधी

बिहार में भी आज खराब मौसम का सामना करना पड़ेगा. पटना, गया, मुजफ्फरपुर और भागलपुर समेत कई जिलों में मूसलाधार बारिश और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है. पटना में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.

झारखंड में भी बिगड़ सकता है मौसम

झारखंड के रांची, धनबाद और जमशेदपुर जैसे प्रमुख जिलों में 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से तूफानी हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट है. रांची में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

पश्चिम बंगाल में भी बारिश-आंधी का असर

पश्चिम बंगाल के हावड़ा, दार्जिलिंग, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, बीरभूम, कोलकाता, कलिम्पोंग और जलपाईगुड़ी में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. कोलकाता में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

मध्य प्रदेश में 5 सितंबर तक भारी बारिश

निम्न दबाव के क्षेत्र का सीधा असर मध्य प्रदेश में भी दिखेगा. भोपाल, ग्वालियर और सागर जैसे जिलों में तेज बारिश के साथ 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की पूरी संभावना है.

पंजाब और राजस्थान में भी अलर्ट

पंजाब के जालंधर, पटियाला, संगरूर, पठानकोट, बठिंडा, अमृतसर, लुधियाना और गुरदासपुर में तेज बारिश और आंधी की संभावना है. इस दौरान हवाओं की गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है.

पहाड़ी राज्यों में मौसम की चुनौतियां

उत्तराखंड में मौसम बेहद चुनौतीपूर्ण रहने वाला है. पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल और देहरादून जैसे इलाकों में भारी बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और भूस्खलन का अलर्ट है.

वहीं हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू और मनाली में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं कहर बरपा सकती हैं. लगातार बारिश से मनाली में ठंड काफी बढ़ गई है, जहां अधिकतम तापमान 14 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़कने का अनुमान है.

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, कठुआ, पुंछ और उधमपुर समेत कई इलाकों में आज बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है. इस दौरान भूस्खलन का भी अलर्ट जारी किया गया है. संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने की हिदायत दी गई है.

इसे भी पढ़ें:-लैंडिंग के दौरान पोल से टकराया IndiGo विमान, सभी यात्री सुरक्षित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *