दिल्ली समेत कई राज्यों में गर्मी से मिलेगी राहत, अगले 48 घंटों में बारिश का अलर्ट, आंधी और तूफान के भी आसार

Weather News: देश के अधिकतर राज्यों में आसमान से आग बरस रही है. पूरा उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है. ऐसे में सोमवार रात से मौसम में थोड़ा बदलाव आया है. मौसम विभाग ने दिल्ली समेत कई राज्यों के लिए गुड न्यूज दी है. मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों के लिए अगले तीन दिन तक धूल भरी आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी है. 

दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा

दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद में 28 अप्रैल को बादल घिरे रहने की संभावना है. दो से तीन बार गरज चमक के साथ बारिश होने का अलर्ट भी है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी. 29 अप्रैल को भी बादल घिरे रहने के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बरसात होने का अनुमान है. आंधी, बारिश, तेज हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल सकती हैं. 30 अप्रैल को भी बादलों के साये में मौसम सुहाना रह सकता है. 

यूपी में भी बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तेज गर्मी और लू का असर बना हुआ है. कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है. मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में लू चलने की चेतावनी दी है. साथ ही कुछ इलाकों में अगले 1–2 दिनों में तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है.

चक्रवाती सिस्टम से बदलेगा मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के ऊपर एक मजबूत चक्रवाती सिस्टम सक्रिय है. स्काईमेट के मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत के मुताबिक, यह सिस्टम धीरे-धीरे उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ रहा है. इसका असर दिल्ली और आसपास के इलाकों में 30 अप्रैल तक देखने को मिल सकता है. इस सिस्टम के चलते तेज हवाएं, बादल और बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी, जिससे तापमान में गिरावट आने की संभावना है.

पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में भी मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 28 अप्रैल को बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. इसके अलावा, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे मौसम ठंडा हो सकता है, लेकिन कुछ जगहों पर नुकसान की आशंका भी बनी रहेगी.

दक्षिण भारत में भी बारिश के आसार

दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी मौसम सक्रिय रहेगा. कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पुडुचेरी में 28 अप्रैल से 1 मई के बीच गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में थोड़ी राहत मिल सकती है.

इसे भी पढ़ें:-Gold Price: सोने की बढ़ी चमक, चांदी के भाव स्थिर, जानें आज का रेट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *