जनता दर्शन में महिला की समस्या सुन भावुक हुए सीएम योगी, बोले- ‘घबराइए मत, इलाज में नहीं आने देंगे बाधा’

Gorakhpur: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. इस दौरान श्रावस्ती से आई एक महिला ने गंभीर बीमारी से पीड़ित बच्चे के इलाज में मदद का अनुरोध किया. साथ में आए बच्चे को देखकर मुख्यमंत्री भावुक हो गए. उन्होंने महिला से आयुष्मान कार्ड के बारे में पूछा. महिला की तरफ से ‘नहीं बना है’, जवाब मिलने पर मुख्यमंत्री ने कहा- घबराइए मत, बच्चे के इलाज में कोई भी बाधा नहीं आने देंगे.

200 लोगों की सुनी समस्या

बता दें कि गुरुवार की सुबह से मुख्यमंत्री के आने की सूचना मिलने के बाद गोरखनाथ मंदिर में फरियादी की भीड़ जुटने लगी थी. सीएम योगी ने करीब 200 लोगों की समस्याओं को सुना. महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने लगी कुर्सियों पर बैठाए गए लोगो तक मुख्यमंत्री खुद पहुंचे और एक-एक कर उनसे समस्याओं के बारे में पूछा. उनके प्रार्थना पत्र लिए. पास में मौजूद अधिकारियों को समस्या का समाधान करने के लिए जरूरी दिशा निर्देश दिए.

अधिकारियों को दिए निर्देश

जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं पर त्वरित संवेदनशीलता दिखाएं. उन्होंने उनसे मिलने आए लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा, घबराइए मत. सरकार हर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराएगी. अपराध और जमीन कब्जा किए जाने से संबंधी शिकायतों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों और भू माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए. जनता दर्शन में कुछ महिलाएं अपने बच्चों को लेकर आई थीं. मुख्यमंत्री ने इन बच्चों को खूब दुलारा और चॉकलेट के साथ आशीर्वाद भी दिया.

इसे भी पढ़ें:-SSC ने ग्रुप B-ग्रुप C की भर्ती के लिए जारी किया नोटिफिकेशन, 10वीं से ग्रेजुएट तक को मौका

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *