नीतीश कुमार आज लेंगे राज्यसभा सदस्य की शपथ, PM मोदी से कर सकते हैं मुलाकात

Delhi: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज शुक्रवार को दिल्ली में राज्यसभा के सदस्य के रूप में शपथ लेंगे. वे गुरुवार को दिल्ली पहुंच गए थे. वहां जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा और अन्य पार्टी नेताओं ने उनका स्वागत किया. दिल्ली एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए नीतीश कुमार ने कहा, “मैं यहां शपथ लेने आया हूं.” उनकी शपथ राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन के कमरे में ली जाएगी. शपथ लेने के बाद बिहार में सत्ता बदलाव की प्रक्रिया तेज हो जाएगी.

बिहार में नए CM की ताजपोशी कब?

नीतीश कुमार आज दोपहर 12.15 बजे वह राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे. शपथ लेने के बाद पीएम मोदी से भी मुलाकात करेंगे. उनके साथ ललन सिंह और संजय झा भी रहेंगे. वहीं, दिल्ली में आज बिहार बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक में प्रदेश के नए सीएम के नाम पर मुहर लगेगी. 15 अप्रैल को नए सीएम की ताजपोशी हो सकती है.

20 साल बाद बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव

इससे पहले हाल ही में नीतीश कुमार ने MLC सीट से इस्तीफा दे दिया था जिससे ये बात कंफर्म हो गई थी कि बिहार में मुख्यमंत्री बदलने जा रहा है. आपको बता दें कि साल 2005 से ही नीतीश कुमार लगातार (बीच में 9 महीने छोड़कर) बिहार के मुख्यमंत्री का पद संभाल रहे थे. ऐसे में वह लंबे समय के बाद केंद्र की राजनीति में वापस आ रहे हैं.

’20 साल तक वहां रहे, अब यहां भी काम करेंगे’

गुरुवार को दिल्ली पहुंचने के बाद सीएम नीतीश कुमार का पहला बयान भी सामने आ गया है. नीतीश कुमार दिल्ली स्थित घर पर पहुंचने के बाद मीडिया से बात करने के लिए बाहर की तरफ आए. इस दौरान नीतीश कुमार ने कहा, “20 साल तक वहां (बिहार) में रहे हैं. अब यहां (दिल्ली) में भी काम करेंगे. इसलिए वापस आ गए हैं यहां.”

नीतीश कुमार के ताजा बयान से अब यह साफ हो गया है कि नेतृत्व परिवर्तन जल्द होने वाला है. वहीं, बिहार के मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि पूरा NDA, जिसमें बीजेपी और उसके सहयोगी शामिल हैं, सभी नीतीश कुमार के शासन मॉडल को आगे बढ़ाने के लिए एकजुट है.

इसे भी पढ़ें:-Gold Price Today: सोने-चांदी की कीमतों में आई भारी गिरावट, जानिए आज का ताजा रेट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *