Hill station trip: घूमने के शौकीन लोग अक्सर छुट्टियां मिलते ही घूमने का प्लान बना लेते हैं. अक्सर घूमने का प्लान आते ही लोगों के मन में सबसे पहले हिल स्टेशनों के ऑप्शन पर ध्यान जाता है. हिल स्टेशन पर जाना अधिकतर लोगों को इसलिए भी पसंद होता है कि वह शहर की भीड़भाड़ से दूर सुकून के कुछ पल बिता सकें. अगर आप शहरों की भागदौड़ से दूर सुकून भरी छुट्टियां बिताना चाहते हैं, तो भारत के ये शांत और खूबसूरत टाउन आपके लिए परफेक्ट हैं. यहां ना भीड़ है, ना शोर, बस प्रकृति, पहाड़ और सुकून भरा माहौल आपका इंतजार कर रहा है.
वट्टाकनाल (तमिलनाडु)
तमिलनाडु के मशहूर हिल स्टेशन कोडाईकनाल के पास स्थित वट्टाकनाल एक छोटा और बेहद शांत इलाका है. यह जगह चारों ओर से हरे-भरे जंगलों और पहाड़ियों से घिरी हुई है. यहां पर्यटकों की भीड़ बहुत कम होती है, इसलिए जो लोग शांति और अकेलेपन में प्रकृति का आनंद लेना चाहते हैं, उनके लिए यह जगह परफेक्ट है. यहां इजराइली पर्यटक ज्यादा आते हैं, इसी वजह से इसे छोटा इजराइल भी कहा जाता है.
कर्सियांग (दार्जिलिंग)
दार्जिलिंग के पास स्थित कर्सियांग एक खूबसूरत और कम भीड़ वाला हिल स्टेशन है. इसे लैंड ऑफ व्हाइट ऑर्किड्स भी कहा जाता है. यहां फैले चाय के बागान और ठंडा मौसम मन को बहुत सुकून देते हैं. यहां दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे की सवारी का मज़ा भी लिया जा सकता है. जो लोग दार्जिलिंग की भीड़ से बचना चाहते हैं, उनके लिए कर्सियांग एक बेहतरीन ऑप्शन है.
कल्पेट्टा (केरल)
कल्पेट्टा, केरल के वायनाड जिले में स्थित है और अपनी प्राकृतिक सुंदरता और शांत माहौल के लिए जाना जाता है. यह जगह चाय और कॉफी के बागानों से घिरी हुई है. यहां से चेम्ब्रा पीक और घने जंगलों का नजारा देखने को मिलता है. नेचर लवर्स और फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए यह जगह किसी जन्नत से कम नहीं है.
अराकू घाटी (आंध्र प्रदेश)
अराकू घाटी आंध्र प्रदेश में स्थित है और अपने जनजातीय (ट्राइबल) कल्चर के लिए काफी मशहूर है. यहां ठंडी हवा, रंग-बिरंगे फूल, झरने और गुफाएं देखने को मिलती हैं. आप यहां बोरा गुफाएं देख सकते हैं और ट्राइबल म्यूजियम में स्थानीय संस्कृति को करीब से जान सकते हैं. यह जगह प्रकृति और संस्कृति दोनों का सुंदर मेल है.
देवभूमि
उत्तराखंड को देवभूमि कहा जाता है और यहां कई ऐसे हिल स्टेशन हैं जो बजट में घूमने के लिए बेहतरीन हैं. जैसे भीमताल नैनीताल से शांत और सस्ता, झील, बोटिंग और ट्रेकिंग के लिए मशहूर, चकराता देहरादून के पास स्थित, भीड़ से दूर और नेचर से भरपूर, अल्मोड़ा हिमालय की वादियों से घिरा, मंदिरों और प्राकृतिक नजारों के लिए जाना जाता है.
हिमाचल प्रदेश
हिमाचल प्रदेश में भी कई ऐसे हिल स्टेशन हैं जहां कम खर्च में शानदार ट्रिप की जा सकती है. जैसे तीर्थन घाटी, नदी किनारे कॉटेज, शांति और ट्राउट फिशिंग के लिए मशहूर. चैल, दुनिया के सबसे ऊंचे क्रिकेट ग्राउंड के लिए जाना जाता है. मलाणा अपनी अलग संस्कृति और शांत माहौल के लिए प्रसिद्ध एक छोटा गांव.
इसे भी पढ़ें:-उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन-पीएम मोदी ने किया यीशु मसीह के बलिदान को याद, ओम बिरला ने भी किया पोस्ट