आगरा। आगरा में सावन के पहले पर आगरा के शिवालयों में भारी भीड़ उमड़ी। शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए शिवालयों पर भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। हर कोई सावन के पहले सोमवार पर भगवान शिव को प्रसन्न करना चाहता था। ताजनगरी में जिला प्रशासन ने मेले और मंदिरों की परिक्रमा पर प्रतिबंध लगाया है। वहीं मंदिर में एक बार में अधिकतम 50 श्रद्धालुओं के दर्शन की अनुमति प्रदान की है। कुछ शिव मंदिर ऑनलाइन दर्शन के लिए खुले लेकिन कुछ मंदिरों में भारी भीड़ पहुंची। आगरा के मन:कामेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए तड़के से ही शिवभक्तों की लंबी कतारें लग गईं। वहीं ऐतिहासिक राजेश्वर मंदिर में दर्शन और जलाभिषेक करने के लिए दूर दराज से भक्त पहुंचे। यहां कई मीटर लंबी लाइन लग गई। भगवान शिव को जल और दूध से अभिषेक कराने के लिए भक्तों ने काफी देर तक इंतजार किया। आगरा में सावन में शिव मंदिरों पर मेले और सामूहिक गतिविधियां नहीं होंगी। दूसरे सोमवार को होने वाली चारों शिव मंदिरों की परिक्रमा भी प्रतिबंधित रहेगी। सोमवार को शिवालयों में एक बार में अधिकतम 50 श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। यह निर्देश जिला प्रशासन ने जारी किए थे। एडीएम सिटी का कहना है कि धर्मस्थलों पर कोविड गाइड लाइन का पालन नहीं होने पर प्रबंधन जिम्मेदार होगा। एडीएम सिटी डॉ. प्रभाकांत अवस्थी का कहना है कि हमारी तरफ से किसी को पट बंद रखने को नहीं कहा गया। अगर कोई कोविड सुरक्षा की दृष्टिगत पट बंद रखना चाहता है तो वह स्वतंत्र है। उन्होंने कहा कि शिव मंदिरों के आसपास मेलों व सामूहिक गतिविधियों का आयोजन नहीं होगा। जिला प्रशासन का कहना था कि भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस तैनात रहेगी। कोविड व्यवहार का पालन करते हुए उचित दूरी व मास्क के साथ एक बार में 50 श्रद्धालुओं को मंदिर में दर्शन के लिए प्रवेश की अनुमति दी गई है। इससे अधिक संख्या होने पर धर्मस्थल प्रबंधन जिम्मेदार होगा। उनके विरुद्ध महामारी एक्ट में कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। लेकिन मंदिरों में गाइड लाइन का पालन होते नहीं देखा गया। शहर के तमाम शिव मंदिरों में बाबा के भक्तों को ऑनलाइन दर्शन कराने की व्यवस्था मंदिरों ने की है। कैलाश मंदिर, पृथ्वीनाथ मंदिर आदि में आने वाले भक्त घर में बैठकर भी सोशल मीडिया पर भोला भंडारी के दर्शन कर सकेंगे। हालांकि अधिकांश मंदिरों में भक्त पहुंचे और पूजा-अर्चना की। शिवालयों में आए शिवभक्तों ने बाबा की पूजा के लिए दीपक जलाएं और जलाभिषेक किया। मन:कामेश्वर मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में शिवभक्त पहुंचे और पूजा-अर्चना की। पहले सोमवार को शिव मंदिर में सैकड़ों की संख्या में भक्तों ने पूजा की।