भारत का अनोखा रेलवे स्टेशन, जहां 4 भाषाओं में होती है अनाउंसमेंट

Interesting facts: भारतीय रेलवे सभी स्टेशनों को आधुनिक त​कनीक से जोड़कर उन्हें उन्नत बनाने के काम में निरंतर जुटा हुआ है. इस दिशा में अब तक सैकड़ों स्टेशनों का जीर्णोद्धार किया जा चुका है. यात्रियों की आवश्यकताओं के अनुकूल कई तरह के स्टेशनों पर विविध सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है. कुछ स्टेशन अपनी खूबसूरती के लिए मशहूर हैं, तो कुछ अपने अनोखे इतिहास के लिए जाने जाते हैं. इसी कड़ी में आज हम आपको एक ऐसे रेलवे स्टेशन के बारे में बताने वाले हैं जहां पर 4 भाषाओं में अनाउंसमेंट होती है.

चार भाषाओं में अनाउंसमेंट करने वाला स्टेशन

भारत में कई रेलवे स्टेशन अपनी खास विशेषताओं के कारण देश-दुनिया में मशहूर हैं. इन अनोखे स्टेशनों की अलग-अलग पहचान है. यह अनोखा स्टेशन नवापुर रेलवे स्टेशन है. यहां हिंदी, अंग्रेजी, गुजराती और मराठी इन चार भाषाओं में घोषणाएं की जाती हैं, ताकि अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को जानकारी आसानी से समझ में आ सके. यही खासियत इस स्टेशन को बाकी स्टेशनों से अलग बनाती है.

दो स्टेट में बंटी है स्टेशन

पश्चिमी रेलवे के अंतर्गत आने वाला नवापुर रेलवे स्टेशन अपनी अनोखी विशेषताओं के कारण काफी प्रसिद्ध है. इस स्टेशन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह दो राज्यों महाराष्ट्र और गुजरात की सीमा पर स्थित है. यही वजह है कि स्टेशन का एक हिस्सा महाराष्ट्र में पड़ता है तो दूसरा हिस्सा गुजरात में आता है.

एक ही कुर्सी दो राज्यों में बंटी हुई है

सबसे दिलचस्प बात यह है कि यहां प्लेटफॉर्म पर रखी कुछ कुर्सियां भी ऐसी हैं जो आधी महाराष्ट्र और आधी गुजरात की सीमा में आती हैं. यानी एक ही कुर्सी दो राज्यों में बंटी हुई दिखाई देती है. यही नहीं, इस स्टेशन पर दोनों राज्यों के कानून भी लागू होते हैं, जो इसे भारत के सबसे अनोखे रेलवे स्टेशनों में से एक बनाते हैं.

चार भाषाओं में नाम लिखने वाला पहला स्टेशन 

रेलवे के इतिहास में बनारस स्टेशन इकलौता स्टेशन है, जिसके नाम के बोर्ड चार भाषाओं, हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत और उर्दू में लगाए गए हैं. हाल ही में बनारस स्टेशन से वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाने आए प्रधानमंत्री के बनारस दौरे के दौरान, बनारस स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार पर नामपट्टिकाएं बदल दी गईं. पहले यहां स्टेशन का नाम हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत में लिखा था, अब उसमें उर्दू को भी जोड़ दिया गया है.

इसे भी पढ़ें:-डबल मर्डर का आरोपी एनकाउंटर में ढेर, दो सिपाही घायल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *