Telangana: तेलंगाना के हैदराबाद-विजयवाड़ा नेशनल हाईवे पर बुधवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया. सूर्यापेट ज़िले में डोराकुंटा इलाके के पास यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस खड़े कंटेनर ट्रक से टकरा गई, जिससे सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 20 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। बस में 43 यात्री सवार थे।
जानकारी के मुताबिक, प्राइवेट बस हैदराबाद से विजयवाड़ा जा रही थी, तभी वह लोहे की छड़ों से लदे कंटेनर से टकरा गई. टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री अंदर ही फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया. गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद से, उन्होंने बुरी तरह क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और उन्हें इमरजेंसी इलाज के लिए पास के अस्पतालों में पहुंचाया. जिसमें डाक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया. बाकी अन्य का इलाज जारी है.
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की सही वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है. हालांकि सटीक वजह का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती शक तेज़ रफ़्तार या ड्राइवर के स्टीयरिंग पर झपकी आने की ओर इशारा करता है.